फतेहपुर । देवमई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उप स्वास्थ्य केन्द्र चिल्ली में अव्यवस्थाओं का बोलबाला है । स्वच्छता अभियान को भी यह उप स्वास्थ्य केन्द्र मुंह चिढ़ा रहा है । संक्रामक बीमारियों से लोगों को बचाने के लिए एक सघन अभियान चलाया जा रहा है । घरों के आगे जलभराव न होने देने नालियों को साफ रखने के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है । किंतु चिल्ली उप स्वास्थ्य केन्द्र के आसपास भरे बरसात के पानी को निकलवाने के नाम पर कोई भी आगे नहीं आ रहा है । जिसकी वजह से जहां गंदगी ही गंदगी है ऐसे में ही यहां के कर्मचारियों को कीचड़ और पानी से होकर गुजरना पड़ता है । संक्रामक बीमारियों को जन्म देने वाले मच्छरों ने अपना आशियाना बना लिया है ।
चिल्ली उप स्वास्थ्य केन्द्र की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी पारुल ने बताया कि उप स्वास्थ्य केन्द्र के चारों ओर पानी भरा हुआ है । इसे निकालने के विभागीय अधिकारियों व ग्राम प्रधान से कहा गया है किंतु इस जल-भराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए कोई भी नहीं सुन रहा है । इसी पानी और कीचड़ से उन्हें और आने वाले मरीजों को दिनभर गुजरना पड़ता है ।
