फतेहपुर । आज प्राथमिक विद्यालय मुरारपुर के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विद्यालय स्टाफ के साथ मिलकर खंड शिक्षा अधिकारी माननीय प्रवीण शुक्ला जी एवं पूर्व ब्लाक प्रमुख श्री जगदीश सिंह पटेल की अगुवाई में शानदार तिरंगा यात्रा निकाली ।


इस तिरंगा यात्रा के दौरान शामिल अधिकारियों व बच्चों ने घर-घर जाकर तिरंगे बांटे और साथ ही लोगों से अपील की कि वह 13 से 15 अगस्त के बीच में अपने घर में इस राष्ट्रीय ध्वज को अवश्य फहराए और लहराने के साथ साथ ही इसका ध्यान भी रखें । तिरंगा यात्रा में शामिल शिक्षकों ने ग्रामवासियों को स्थानीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जैसे जोधा सिंह अटैया व ठाकुर दरियाव सिंह की वीर गाथा भी सुनाई । बच्चों ने विभिन्न स्वंत्रता संग्राम सेनानियों जैसे चंद्रशेखर आजाद ,भगत सिंह,गांधी जी व भारत माता क़ा स्वरूप भी धारण किया ।


अमृत महोत्सव के अंतर्गत स्वतंत्रता दिवस के 75वें वर्ष को बच्चों ने तिरंगे के साथ मनमोहक रूप में प्रस्तुत किया । प्रधानाध्यापिका गीता यादव ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय मुरारपुर का समस्त स्टाफ व बच्चे सभी को हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु कई दिनों से जागरूक कर रहे हैं । इसी क्रम में ग्राम प्रधान पुष्पा सिंह व पंचायत मित्र सज्जन सिंह पटेल के साथ विद्यालय के बच्चों द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गयी व तिरंगे क़ा वितरण भी किया गया ।
