फतेहपुर । वर्ष 2008 में गांवों की सफाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए पंचायतीराज विभाग में सफाई कर्मियों की भर्ती हुई थी । भर्ती के करीब छह साल बाद सरकार ने 2014 में विभाग ने इन कर्मियों को स्थायी कर दिया था । लेकिन किन्हीं कारणों के चलते करीब 122 लोग इस लाभ से छूट गए थे । अब पंचायती राज विभाग के अपर निदेशक राज कुमार ने छूटे सभी सफाई कर्मियों को स्थायी करने का आदेश भेजा है । इस पर विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है ।
बता दें वर्ष 2014 में करीब 1300 कर्मचारियों को स्थायी किया गया था । लेकिन 122 कर्मी छूट गए थे । अब नया शासनादेश जारी हुआ है । इसके बाद इन छूटे लोगों को भी लाभ मिलेगा ।
जिला पंचायतराज अधिकारी उपेंद्र राज सिंह ने सफाई कर्मी पटल प्रभारी अभिषेक बाजपेई को छूटे कर्मिचारियों की पत्रावली तैयार करने का निर्देश दिया है । उन्होंने कहा कि शासनादेश के अनुक्रम में कर्मचारियों को यह लाभ दिया जाएगा ।
