कानपुर । गणेश महोत्सव के क्रम में सरसौल कस्बा स्थित श्री लोक पालेश्वर महादेव मंदिर में स्थापित गणेश प्रतिमा का तालाब में विसर्जन किया गया । इस दौरान श्री गजनान कमेटी के द्वारा मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया । जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया । ढोल नगाड़ों की थाप पर नाचते गाते अबीर उड़ाते युवाओं के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया ।
श्री गजानन कमेटी के द्वारा आज सरसौल कस्बे में भगवान गणेश की शोभायात्रा निकाली गई । भक्त गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तुम जल्दी आना,देवा ओ देवा गणपति देवा तुमसे बढ़कर कौन,गणपति अपने गांव चले आदि गीतों पर नाचते और अबीर गुलाल उड़ाते चल रहे थे ।
दुकानदारों ने जगह-जगह स्टाल लगाकर भक्तों को लड्डू,फल व शर्बत का वितरण कराया ।
शोभायात्रा सरसौल के मुख्य चौराहे,तिराहे,बाजार एवं विभन्न मोहल्लों से होते हुए काली माता मंदिर पहुंची । जहां भक्तों ने पूजन के बाद प्रतिमा का तालाब में विसर्जन कर दिया । वहीं पंडाल पर लगी मटकी को फोड़ने में श्री गजानन कमेटी सरसौल के बच्चों की टोली ने ग्यारह सौ रुपये का इनाम हासिल किया ।
श्री गजानन कमेटी सरसौल के अध्यक्ष गुड्डू शुक्ला ने बताया कि सरसौल के भक्तों ने इस वर्ष गणेश महोत्सव को बड़ी ही धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया । चार दिन दूर-दूर से आए कलाकारों द्वारा सुंदर-सुंदर भजनों के साथ झाकियां प्रस्तुत की गई ।
उन्होंने कहाकि गणपति बप्पा मोरया अगले वर्ष तू जल्दी आ के जयघोष के साथ ही गणेश प्रतिमा का विसर्जन कर दिया गया । इसके साथ ही गणेश महोत्सव का समापन हो गया । शोभायात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए ।
