फतेहपुर । जहानाबाद नगर की गलियों और रिहायशी इमारतों के ऊपर बिजली के तार किसी अनहोनी को दावत देते नजर आ रहे हैं । उपभोक्ताओं के कई बार शिकायत करने के बाद भी कुम्भकरणी नींद में सो रहा बिजली विभाग किसी अनहोनी का इंतजार कर रहा है ।
नगर पंचायत परिषद जहानाबाद के दारागंज सहित कई मुहल्लों में बिजली लाइन के तार झूलते नजर आ रहे हैं । गलियों व रिहायशी इमारतों के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन के तार ढीले होकर झूल रहे हैं । जिससे तेज हवाओं में अक्सर तार एक दूसरे तारों से टकरा जाने से विद्युत आपूर्ति लड़खड़ा जाती है । वहीं झूलते तारों के टूटने का खतरा बढ़ जाता है । कई बार तारों के आपस में टकरा जाने से निकलने वाली चिंगारियां लोगों में दहशत पैदा कर देती है ।
यहां के लोगों का कहना है कि समय रहते बिजली विभाग कुम्भकरणी नींद से नहीं जागा तो कोई अप्रिय घटना घट सकती है ।
उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग की लापरवाही से झूल रहे बिजली के तारों को ठीक कराएं जाने के लिए जिलाधिकारी से गुहार लगाई है । जिससे होने वाले किसी हादसे से जन धन की हानि यहां के निवासियों को न उठानी पड़े ।
