लखनऊ । मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन के स्पष्ट आदेश के बावजूद और विभागाध्यक्ष के साथ 6 सितंबर को संघों के साथ हुई बैठक में लिए गए निर्णय के उपरान्त भी अधीनस्थ उच्चाधिकारियों द्वारा कर्मचारियों की पदोन्नति न करने, स्थायी करण आदेश जारी न करने,ज्येष्ठता सूची जारी न करने सहित अन्य मांगों को लेकर लोक निर्माण विभाग के सभी कर्मचारी पूरे प्रदेश में 28 व 29 अक्टूबर को दो दिनों की कलमबंद हड़ताल पर रहेंगे । इस पर भी अगर विभाग के अधिकारियों में चेतना जागृत नहीं हुई और वे अपनी हठधर्मी पर अड़े रहे तो 31 अक्टूबर व 1 नवंबर को प्रदेश भर में क्षेत्रीय मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जायेगा । इसके उपरांत भी वार्तालाप के अनुसार आदेश जारी नहीं किए जाते हैं तो लोनिवि के प्रदेश भर के कर्मचारी हड़ताल पर चले जायेंगे । उक्त जानकारी संयुक्त मोर्चा के सुनील यादव,वीरेंद्र यादव,जय प्रकाश तिवारी, जे0बी0पाण्डेय ने अपनी एक विज्ञप्ति में दी है ।
