फतेहपुर । किसान पराली को जलाएं न,इसकी जानकारी ग्राम प्रधान या लेखपाल को दें जिससे उसे गौशालाओं में भेजा जा सके ।
यह जानकारी देते हुए उप कृषि निदेशक फतेहपुर राममिलन सिंह परिहार ने बताया कि जनपद के कृषक भाइयों से अपील की जाती है कि फसल अवशेष (पराली) आदि को न जलायें अपितु यदि खेतों में फसल अवशेष (पराली) आदि है तो अपने ग्राम प्रधान या लेखपाल को सूचित कर अवगत करा दें ।
ताकि फसल अवशेष को नजदीकी गौशाला में संरक्षित किया जा सके । आज जनपद फतेहपुर की तहसील बिन्दकी में 01 एवं सदर तहसील में 01 कम्बाइन हार्वेस्टर मशीनें बिना एस०एम०एस० लगे फसल कटाई करते हुए पाये जाने पर कृषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सीज की गयी है ।
तहसील खागा में 01 किसान को पराली जलाने के कारण रू० 2500/- जुर्माना वसूला गया है । जनपद में अब तक कुल 12 किसानों से कुल रू0 30000.00 वसूला गया । खागा तहसील में 18 स्थानों,सदर तहसील में 18 स्थानों एवं बिन्दकी तहसील में 17 स्थानों में चौपाल लगाकर किसान भाइयों को पराली न जलाने के सम्बन्ध में जागरूक किया गया । जनपद स्तर पर बने कन्ट्रोल रूम में पराली दान करने हेतु आज सदर तहसील से 03,बिन्दकी तहसील से 02 तथा खागा तहसील से 01 किसानों ने अपनी सहमति/नाम लिखाया गया है ।
