– युवाओ में खासा उत्साह,बावनी इमली में जलेंगे 196 दीप ,वृक्षारोपण के साथ होगी जनपद के अतीत व वर्तमान पर विचार गोष्ठी ।
बिन्दकी/फतेहपुर । फतेहपुर जनपद के गठन की 196वीं वर्षगांठ कल 10 नवम्बर गुरुवार को युवा विकास समिति के तत्वावधान में धूमधाम से मनाई जायेगी । क्रांतिवीरों की गाथा बयां करती शहीद स्थली बावनी इमली मे जिले के गणमान्य स्वतंत्रता आंदोलन के गौरवशाली इतिहास को युवा पीढ़ी के साथ साझा करेगे । ऐतिहाासिक,पौराणिक,सांस्कृतिक और पुरातात्विक विरासतों को अपने में समेटे फतेहपुर का एक गौरवमयी इतिहास रहा है । अनेक स्वतंत्रता सेनानियों,लेखकों, कवियों,साहित्यकारों,राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाले मूर्धन्य पत्रकारों व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ राष्ट्र कवि पं. सोहन लाल द्विवेदी जैसे मनीषियों का संगम स्थल है फतेहपुर ।
युवा विकास समिति के जिला प्रवक्ता आलोक गौड़ की अगुवाई में आयोजित होने वाले फतेहपुर स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष अमित तिवारी,विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य विक्रम सिंह व वरिष्ठ समाजसेवी लक्ष्मीचंद्र (मोना) ओमर के साथ अनेक गणमान्य लोग शामिल होंगे । स्थापना दिवस समारोह के मौके पर पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृक्षारोपण कर प्रकृति के साथ एकात्मता और समन्वय के सूत्र को प्रतिपादित किया जाएगा ।
युवा विकास समिति के जिला प्रवक्ता आलोक गौड़ ने बताया कि फतेहपुर स्थापना दिवस समारोह से गंगा यमुनी तहजीब की मिठास में वृद्धि होगी । फतेहपुर जनपद की स्थापना के 196 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 196 दीप जलाकर उपेक्षित जनपद की धरोहरों को संजोने और सवारने को यहां के जिम्मेदारों का ध्यान आकृष्ट किया जायेगा । कार्यक्रम के इस मौके पर एक विचार गोष्ठी भी होगी जिसमें सहभागिता करने वाले अतिथिगण फतेहपुर जनपद के अतीत और वर्तमान पर चर्चा करेगे ।
