बकेवर/फतेहपुर,26 नवम्बर । देवमई विकास खंड के ग्राम केवटरा पाही मजरे जगदीशपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय का जर्जर भवन किसी अनहोनी की दावत दे रहा है । जहां विद्यालय बेहद जर्जर व बद्तर स्थिति में है । वहीं बिजली का कनेक्शन न होने के कारण समर्सिबल पम्प व अन्य बिजली से चलने वाले उपकरण मात्र शोपीस बनकर रह गए है ।
प्रधानाध्यापिका माधुरी देवी ने बताया कि विद्यालय की छत कमजोर होने के कारण बरसात का पानी कमरों व किचन में टपकता है । जिससे किसी बड़ी दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है । पेयजल के लिए लगा हैंडपंप से दूषित पानी निकाल रहा है । जिसके बारे में कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत भी की गई है । परन्तु उन्होंने अभी तक इस समस्या पर कोई ध्यान नही दिया है । बिजली का कनेक्शन न होने के कारण बच्चें इस दूषित पानी पीने को मजबूर है साथ ही विद्यालय में मल्टीपल हैंडवासिंग नही है । बिजली कनेक्शन के लिए उन्होंने ऑनलाइन आवेदन भी किया था मगर अभी तक कनेक्शन नही हो सका है ।
इस संबंध में जब खण्ड शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार शुक्ला से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इस सम्बंध में उनके पास कोई जानकारी नहीं है ।
