फतेहपुर, 09 दिसम्बर । सुरक्षित यातायात एवं यातायात नियमों का पालन करने सम्बंधी कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं विकास भवन सभागार में जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए द्वारा शपथ दिलाई गयी ।
जिलाधिकारी श्रीमती श्रुति द्वारा देशव्यापी सड़क सुरक्षा अभियान के क्रम में आज कलेक्ट्रेट सभागार में सुरक्षित यातायात के दृष्टिगत जन जागरूकता अभियान का शुभारम्भ करते हुए अधिकारियों,कर्मचारियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों को सुरक्षित यातायात का संकल्प एवं यातायात नियमों का पालन करने सम्बंधी शपथ दिलाई गयी ।
जिलाधिकारी ने शपथ पत्र को पढते हुए कहा कि “मैं शपथ लेती हूँ कि सड़क पर वाहन चलाने के पहले सभी सुरक्षा सम्बन्धी बातों का ध्यान रखूँगी यातायात नियमों का हमेशा खुद और अपने परिजनों से पालन कराऊँगी,दो पहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनूँगी, कार चलाते समय हमेशा सीटबेल्ट लगाउंगी,कभी भी शराब पीकर वाहन नहीं चलाऊँगी, वाहन चलाते समय कभी भी मोबाइल फोन पर बात नहीं करूँगी,मैं हमेशा एम्बुलेन्स और फायर बिग्रेड की गाड़ियों को पहले जाने के लिए रास्ता दूँगी,सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने के लिए सदैव तत्पर रहूँगी ।” जिसे उपस्थित सभी अधिकारियों कर्मचारियों ने दोहराते हुए सुरक्षित यातायात तथा यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया ।
जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा अभियान के तहत सुरक्षित यातायात का संकल्प दिलाते हुए समस्त जनपदवासियों से अपील किया है कि यातायात नियमों के पालन की न केवल शपथ लें बल्कि उसका पालन भी हर हाल में सुनिश्चित करें । उन्होंने कहा कि जो शपथ ले रहे है वह अपने परिजनों को व कम से कम 10 लोगो को सड़क सुरक्षा संबंधी शपथ दिलाते हुए सुरक्षित यातयात के संबंध में जागरक करें । उन्होंने कहा कि कोई भी कर्मचारी/व्यक्ति कलेक्ट्रेट परिसर में दोपहिया वाहन बिना हेलमेट के प्रवेश नही दिया जाएगा ।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री आशीष मिश्रा ने कहा कि जिंदगी बहुत ही अनमोल है । यातायात नियमो का पालन करते हुए वाहन चलाये और दुर्घटना से बचे । क्योंकि कोई भी शारीरिक क्षति की पूर्ति नही होती है । जो आपके परिवार व आपके लिए बहुत ही कष्टदायी होगा ।
सुरक्षित यातायात के संम्बंध में हिन्दी दैनिक जागरण समाचार पत्र की ओर से यह कार्यक्रम संचालित किया गया । जिसमें यातायात संम्बंधी नियमो का पालन करने के लिये नागरिको को जागरूक करने का एक अभियान है ।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने यातायात में जागरूकता और सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले समाजसेवियों में यथा- श्री अशोक तपस्वी, श्री गुरमीत सिंह,डॉ० अनुराग श्रीवास्तव,श्रीमती संगीता द्विवेदी,श्री ज्ञानेन्द्र मिश्रा को सहभागिता प्रमाण पत्र देते हुए हौसला अफजाई किया ।
इसी क्रम में जनपद के समस्त सरकारी कार्यालयों सहित स्कूलों आदि में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत सुरक्षित यातायात एवं यातायात के नियमों का पालन करने सम्बंधित शपथ ली गयी ।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) श्री विनय कुमार पाठक,अपर उप जिलाधिकारी श्री प्रभाकर त्रिपाठी,जिला प्रभारी दैनिक जागरण श्री गोविन्द दुबे सहित समाजसेवी,कलेक्ट्रेट अधिकारी/कर्मचारी सहित दैनिक जागरण समाचार पत्र प्रतिनिधि उपस्थित रहे ।
