बकेवर/फतेहपुर । बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम पतारी के समीप शिकार करने गए एक युवक की कुएं में गिर जाने से मौत हो गई ।
थाना बकेवर में मृतक के भाई श्याम सुंदर पुत्र जगरूप निषाद निवासी कोरीपुर थाना जहानाबाद ने दी गई तहरीर में बताया कि उसका छोटा भाई कमलाकांत उम्र लगभग 27 वर्ष पुत्र जगरूप निषाद गत 24 दिसंबर की रात लगभग 11:00 बजे रामप्रसाद पुत्र मोहन,महेश पुत्र कमलेश व हरिमोहन पुत्र गोरे लाल निवासी कोरीपुर थाना जहानाबाद पतारी गांव के जंगल में शिकार करने गए थे । रात होने की वजह से सुनील पुत्र वंश गोपाल के ट्यूबवेल के पास पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई ।
थाना प्रभारी निरीक्षक गिरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मृतक के भाई ने घटना की तहरीर दी है । शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फतेहपुर भेजा गया है ।
