कानपुर । पुलिस-पब्लिक मैत्री संबंध के साथ-साथ आपसी सहयोग व समन्वय स्थापित करने को ले रविवार को कानपुर नगर के पुरवामीर स्थित श्रीमती रामकली इकबाल बहादुर क्रिकेट स्टेडियम में फ्रेंडली क्रिकेट मैच पत्रकार बनाम पुलिस के बीच टी-20 खेला गया । इस बीच पुलिस प्रशासन एकादश ने 7 विकेट से पराजित कर ट्राफी अपने नाम की ।
बता दें कि हास्य कलाकार उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के पूर्व चेयरमैन स्व राजू श्रीवास्तव की जयंती पर रविवार को पत्रकार एकादश बनाम पुलिस प्रशासन एकादश के बीच टी-20 क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में आए पुलिस महानिरीक्षक प्रशांत कुमार व विशिष्ट अतिथि शिखा राजू श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित एवं स्व राजू श्रीवास्तव की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया । टॉस के लिए पुलिस टीम की तरफ से थाना प्रभारी महाराजपुर और पत्रकार टीम की ओर से कप्तान सत्यार्थ विक्रम श्रीवास्तव मैदान पर पहुंचे । टॉस पत्रकार टीम ने जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया । लेकिन पुलिस प्रशासन की घातक गेंदबाजी के सामने पत्रकार एकादश की टीम 86 रन पर ही सिमट गई ।
वहीं पुलिस प्रशासन एकादश की टीम ने 9.3 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया और फाइनल ट्राफी अपने नाम कर ली । पुलिस प्रशासन की ओर से अमित शर्मा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 45 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई ।
प्रतियोगिता का मैन ऑफ द मैच अमित शर्मा को घोषित किया गया । प्रतियोगिता के समापन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व एमएलसी लाल सिंह तोमर ने विजेता व उपविजेता टीम को पुरुस्कार देकर सम्मानित किया । पूर्व एमएलसी लाल सिंह तोमर ने पत्रकार एकादश और पुलिस प्रशासन एकादश टीम का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि क्रिकेट औपचारिकताओं का खेल है ।
उन्होंने कहा कि हास्य कलाकार स्व राजू श्रीवास्तव की जंयती पर हर वर्ष पत्रकार एकादश बनाम पुलिस प्रशासन एकादश टीम के बीच मैच खेला जाएगा । इस दौरान दर्शकों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते रहे । मैच के दौरान पूरी तरह खेल भावना झलकती रही ।
इस मौके पर प्रशांत कुमार पुलिस महानिरीक्षक कानपुर जोन, शिखा राजू श्रीवास्तव,लाल सिंह तोमर पूर्व एमएलसी,डॉ० विजय रत्ना ब्लाक प्रमुख सरसौल,रोहित सिंह,चंद्रकांत मिश्रा थाना प्रभारी नरवल,सतीश राठौर थाना प्रभारी महाराजपुर, पवन तिवारी सरसौल चौकी प्रभारी,मनोज कुमार सुंहैला चौकी प्रभारी, सत्यार्थ विक्रम श्रीवास्तव,शिवम सिंह गौर,जितेन्द्र यादव आदि लोग मौजूद रहे ।
