बकेवर/फतेहपुर । थाना बकेवर से तीन किलोमीटर दूर जहानाबाद हाईवे रोड पर फुटहापुल के पास एक अज्ञात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की कुचलकर मौत हो गई । दुर्घटना के बाद हाईवे में लगभग 1 घंटे जाम लगा रहा । जिसे क्षेत्राधिकारी बिंदकी ने आकर जाम खुलवाया ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज शाम लगभग 3:00 बजे जहानाबाद रोड में बकेवर थाना से तीन किलोमीटर दूर एक बाइक सवार को अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दिया । जिससे उसकी कुचलकर मौत हो गई ।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण इकट्ठे हो गए और हाईवे रोड को जाम कर दिया । रोड जाम होने की सूचना पाकर मौके पर जहानाबाद,कल्यानपुर,औंग,बकेवर का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की किंतु ग्रामीण नहीं माने तो मौके पर क्षेत्राधिकारी परशुराम त्रिपाठी पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया ।
घटना के संबंध में बताया गया है कि लाला बक्सरा निवासी दिलीप पटेल उम्र 45 वर्ष पुत्र स्वर्गीय जगदीश अपने गांव से पाही के समीप स्थित एक आटा चक्की में गेहूं पिसाने आ रहा था । जैसे ही हाईवे पर उसकी बाइक आई जहानाबाद की ओर से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने कुचल दिया । जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई । मृतक दिलीप पटेल अपने पीछे पत्नी व दो बेटियां अंशिका व पूर्णिमा व एक बेटा अर्पित छोड़ गया है ।
घटनास्थल में परिजनों का रुदन देखकर आम आदमी भी गम में डूब गया ।
थाना प्रभारी निरीक्षक गिरेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मुकदमा पंजीकृत कर अज्ञात ट्रक की तलाश की जा रही है ।
