बिन्दकी/फतेहपुर । बार कौंसिल उत्तर प्रदेश के आवाहन पर बिन्दकी अधिवक्ता संघ ने छह सूत्रीय मांग पत्र उपजिलाधिकारी बिंदकी के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को प्रेषित किया ।
मुख्यमंत्री को दिए गए मांग पत्र (ज्ञापन) में छह सूत्रीय मांगों को लेकर बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के आवाहन पर अधिवक्ता संघ बिन्दकी के अध्यक्ष सुरेश सिंह चौहान व महामंत्री राम नारायण अग्निहोत्री की अगुआई में अधिवक्ताओं ने पूरी तहसील प्रांगण में प्रदर्शन करते हुए अधिवक्ता एकता के गगनभेदी नारे लगाते हुए मुख्यमंत्री को सम्बोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी अंजू वर्मा को सौंपा ।


ज्ञापन में प्रदेश के अधिवक्ताओं को 05 लाख तक की मुफ्त चिकित्सा सुविधा अथवा आयुष्मान योजना से जोड़े जाने,उत्तर प्रदेश अधिवक्ता कल्याण निधि न्यासी समिति लखनऊ में मृतक अधिवक्ताओं के लम्बित दावों के शीघ्र भुगतना कराए जाने, अधिवक्ताओं के लिए चेम्बर निर्माण कराए जाने,अधिवक्ताओं व पत्रकारों की मृत्यु पर एक समान धनराशि दिए जाने,साठ वर्ष से अधिक आयु के अधिवक्ताओं के लिए पेंशन योजना लागू करने व एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किए जाने की मांग की गई है ।
प्रदर्शन के साथ ज्ञापन देने वालों में अधिवक्ता संघ बिंदकी के अध्यक्ष सुरेश सिंह चौहान,महामंत्री रामनारायण अग्निहोत्री, उपाध्यक्ष के जी वर्मा, लक्ष्मी वर्मा, पूर्व अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह गौतम,शैलेन्द्र अग्निहोत्री,गिरिजा शंकर वर्मा व अरुण द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता गण मौजूद रहे ।
