उन्नाव : उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक कातिल चाचा का खौफनाक चेहरा सामने आया है । भाभी से देवर के रिश्ते में 5 साल की बच्ची कांटा बनी तो उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई । उसके बाद खेत में लाश को छुपा दिया ।
हत्यारे के जुर्म से पर्दा तब हटा, जब पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की । गांव के ही एक स्थानीय युवक को हिरासत में लिया गया । जिसके बयान से पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे । पुलिस ने बिना देरी किए आरोपी चाचा को शक के आधार पर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया । कड़ाई से पूछताछ में हत्यारा चाचा टूट गया और भाभी से इश्क में भतीजी की हत्या के षड्यंत्र का गुनाह कबूला ।
मामला फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के कुशालपुरा गांव का है । यहां की रहने वाली 5 साल की सिम्मी अपनी 24 साल की मां और पिता के साथ रहती थी । पिता काम के सिलसिले में गांव से बाहर चला गया ।
बताया जा रहा है कि बीती 30 जनवरी को बच्ची अमरूद के बाग में खेल रही थी । देर रात तक घर नहीं लौटी । थाने में बच्ची की गुमशुदगी दर्ज कराई गई । पुलिस ने खोजबीन शुरू की । दूसरे दिन यानी एक फरवरी को गांव के बाहर करीब एक किलोमीटर दूर खेतों में उसके शव मिलने की सूचना मिली । मासूम के सिर और कान पर चोट के निशान थे ।
तीन टीमों को खुलासे में लगाया गया
आईजी रेंज तरुण गाबा ने घटनास्थल पर जाकर गहन जांच पड़ताल की । एसपी उन्नाव को तत्काल खुलासे के निर्देश दिए गए । एसपी ने एएसपी शशि शेखर सिंह के नेतृत्व में 3 टीमों को खुलासे में लगाया । घटना को लेकर गांव के एक संदिग्ध को पुलिस ने हिरासत में लिया । पूछताछ में पुलिस को बड़ा सुराग हाथ लगा । पुलिस ने मृत बच्ची के चचेरे चाचा अखिलेश (25) को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की ।
भाभी से इश्क में कांटा बनी तो मार डाला
मृत बच्ची के हत्यारे आरोपी चाचा ने बताया कि करीब 7 महीने से उसका भाभी से प्रेम प्रसंग चल रहा था । जब भी घर भाभी से मिलने जाओ तो भतीजी बार-बार अड़गा बनती थी । इसलिए उसे रास्ते से हटाने की प्लानिंग की । 30 जनवरी को बच्ची जब बाग में खेल रही थी,तो उसको उठाकर गला दबा दिया । उसके बाद खेत में भतीजी का शव छुपा दिया ।
एएसपी शशिशेखर सिंह ने बताया कि मासूम की हत्या का खुलासा हो गया है । रिश्ते के चाचा ने ही हत्या की थी । हत्यारोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है ।
मामले में मुकदमा दर्ज कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाए जाने की तैयारी पुलिस ने शुरू कर दी है ।
