फतेहपुर । भारतीय रिज़र्व बैंक देश की जनता के बीच विभिन्न विषयों पर वित्तीय शिक्षण संदेशो के प्रचार के लिए प्रतिवर्ष वित्तीय साक्षरता सप्ताह का आयोजन करता आ रहा है ।
वर्तमान वर्ष के वित्तीय साक्षरता सप्ताह के लिए चयनित विषय “सही वित्तीय बर्ताव, करे आपका बचाव” है । जिसे आज से 17 फरवरी 2023 के बीच मनाया जा रहा है ।
यह विषय वित्तीय शिक्षण हेतु राष्ट्रीय कार्यनीति 2020-25 के कार्यनीतिक उद्देश्यों में से एक है । जिसका उद्देश्य आमजनता के बीच जागरूकता उत्पन्न करते हुए वित्तीय आघात-सहनीयता का सृजन करना और उनके हित को बनाए रखना है । इसमें बचत,आयोजना और बजट तथा डिजिटल वित्तीय सेवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग के बारे में जागरूकता उत्पन्न करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा ।
इस क्रम में भारतीय रिज़र्व बैंक के निर्देशानुसार वित्तीय साक्षरता सप्ताह के दौरान आज “वित्तीय साक्षरता केंद्र” (सीएफएल) ऐरायां एवं बैंक ऑफ बड़ौदा की खागा शाखा के सहयोग से खागा तहसील के ऐरायां ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत भवन धनकामई में कैम्प का आयोजन किया गया । कैम्प में भारतीय रिज़र्व बैंक से सहायक महाप्रबंधक श्री राकेश चंद्रा जी,सहायक अग्रणी जिला प्रबंधक गौरव त्रिपाठी,बैंक ऑफ बड़ौदा की खागा शाखा के मुख्य प्रबंधक जयवर्धन जी एवं सीएफएल ऐरायां के संचालक बब्लू प्रसाद ने भाग लिया ।संचालन करते हुए मुख्य शाखा प्रबंधक जयवर्धन जी ने उपस्थित ग्राहकों को सही वित्तीय बर्ताव के बारे में मूलभूत और प्रेरक जानकारी उपलब्ध कराई ।
भारतीय रिज़र्व बैंक से आये सहायक महाप्रबंधक श्री राकेश चंद्रा ने कैम्प में उपस्थित ग्रामीणों जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी सम्मिलित थी । इसको सही वित्तीय बर्ताव के बारे में विस्तार से बताया । सहायक महाप्रबंधक ने ग्रामीणों को अपने खर्च करने की सीमा के लिए बजट बनाकर उसको नियंत्रित करने और आवश्यकता पड़ने पर बिना किसी हिचक के बैंक से आवश्यकतानुसार ऋण सुविधा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया और बैंक से प्राप्त ऋणराशि का उपयोग जिस उद्देश्य के लिए ऋण लिया गया हो उसी मद में करने की बात बताई । जिससे कि लिया गया ऋण समय पर अदा हो सके और ग्राहकों का सिबिल स्कोर खराब ना हो । वित्तीय साक्षरता केंद्र ऐरायां के संचालक बब्लू प्रसाद जी ने ग्रामीणों को ऑडियो-विज़ुअल माध्यम से वर्ष भर चलने वाली आरबीआई की इस थीम की जानकारी उपलब्ध कराई ।
अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय से आये अधिकारी गौरव त्रिपाठी ने ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करते हुए अधिक से अधिक संख्या में ग्राहकों को इससे जुड़ने का आग्रह किया ।
ग्राम पंचायत धनकामई में आयोजित इस कैम्प में करीब 90 की संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही । अंत में मुख्य शाखा प्रबंधक श्री जयवर्धन जी ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए उपास्थित ग्रामीणों को बीसी पॉइंट,सीएफएल एवं शाखा में आने पर सभी प्रकार की वित्तीय सहायता देने की बात कही ।
