बकेवर/फतेहपुर । थाना क्षेत्र के लाला बक्सरा गाँव मे एक अधेड़ ने विगत रात नलकूप में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली ।
मृतक रामदयाल रैदास पुत्र भिक्खु रैदास उम्र लगभग 50 वर्ष निवासी लाला बक्सरा घर मे जगह ना होने के कारण अपने जानवरों को अपने खेतों के पास गांव के ही बाबू सिंह के नलकूप में बांधता था और रात में वहीं रुक कर जानवरों के देखरेख करता था ।
विगत रात उसी नलकूप में लगे टीन शेड की हुक्क से रस्सी द्वारा फाँसी लगा ली । सुबह खेत पहुंचे ग्रामीणों ने देखा तो तुरंत परिजनों को सूचना दी । आनन-फानन में मृतक के भाई शिवदयाल ने बकेवर थाने में सूचना व तहरीर दी ।
मृतक रामदयाल अपने पीछे तीन बेटियां सविता उम्र 15 वर्ष, अंजली उम्र 13 वर्ष,वंदना उम्र 11 वर्ष और एक पुत्र विपिन उम्र 5 वर्ष को छोड़ गया है । पत्नी रेनू व मां सावनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है ।
थानाध्यक्ष गिरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मृतक के भाई शिव दयाल ने तहरीर दी है । शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ।
