बकेवर/फतेहपुर । बकेवर थाना से 100 मीटर की दूरी पर स्थित सीपीएस विद्यालय के सामने स्टेट हाईवे में अर्जुन पुत्र महेश यादव निवासी सराय बकेवर उम्र लगभग 17 वर्ष की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई ।
विगत रात लगभग साढ़े आठ बजे अर्जुन प्रतिदिन की भाँति अपने चाचा सुरेश को खाना देने ट्यूबेल पैदल जा रहा था । तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसको टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया । राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई ।
वही दुर्घटना की सूचना पर कस्बावासियों में कोहराम मच गया । मौके पर लोगों का ताँता लग गया। मृतक अर्जुन दो भाइयों में बड़ा भाई था । पिता महेश बकेवर विद्युत उपकेंद्र में संविदा पर कार्यरत है । जबकि उसकी माँ का देहांत पूर्व में ही हो गया था ।
थाना प्रभारी निरीक्षक गिरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मृतक के पिता ने तहरीर दी है । शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ।
