फतेहपुर । जिला कृषि रक्षा अधिकारी फतेहपुर ने बताया कि माह अप्रैल 2023 में संचारी रोगो की रोकथाम हेतु प्रभावी उपाय अपनाते हुये व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाना है ।
माह अप्रैल 2023 मे संचारी रोग नियंत्रण अभियान (प्रथम चरण) 30 अप्रैल 2023 तक कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु ब्लाक स्तरीय समस्त क्षेत्रीय कर्मचारी व० प्रावि० सहा० ग्रुप-बी (कृ०र०/कृषि/भू०स०) एवं प्रा० सहा० ग्रुप-सी ( कृ०र०/कृषि/भू०सं०) एवं बी०टी०एम० व ए0टी0०एम० को एक एक न्याय पंचायत का आवंटन करते हुए निर्देशित कर कृषि विभाग द्वारा संचारी रोग के वाहक/वेक्टर के रूप में कार्य करने वाले चूहों/छछूदर के नियंत्रण हेतु जन जागरूकता कार्यक्रम की कार्ययोजना जारी की जा चुकी है ।
शासन के निर्देश के क्रम में अधिक जोखिम वाले जनपद फतेहपुर में भी उक्त कार्यक्रम चलाया जा रहा है । जिसके अन्तर्गत कृषि रक्षा अनुभाग द्वारा समस्त न्याय पंचायत में कुल 132 कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी है व ब्लाक स्तर पर पर्यवेक्षकीय दायित्व के निर्वहन हेतु 13 सहायक विकास अधिकारियों की ड्यूटी लगायी गयी है । ग्रामों मे प्रचार प्रसार एवं कृषकों में गोष्ठी/कृषक वार्ता के माध्यम से चूहो/छछूंदर नियंत्रण कार्यक्रम चलाया जाना है । इसके लिए जनपद के निजी कृषि रक्षा प्रतिष्ठानों पर उपलब्ध कृषि रक्षा रसायन जिंक फास्फाइड 80 प्रतिशत तथा एल्युमिनियम फास्फाइड 56 प्रतिशत का प्रयोग किया जाना है ।
कृषक भाइयों से अनुरोध है कि अपने अपने घरों में चूहा नियंत्रण हेतु कृषि-रक्षा रसायनों का सावधानीपूर्वक प्रयोग करें । पहले दिन घरों के आस-पास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर एवं बिलों को बन्द करते हुए चिन्हित करें ।
दूसरे दिन निरीक्षण कर जो बिल बन्द हो वहाँ चिन्ह मिटा दें जहाँ बिल खुले पाये वहाँ चिन्ह रहने दें । खुले बिल में कृषि रक्षा रसायन के प्रयोग के लिए प्रति बिल 1 ग्राम दवा में 1.0 ग्राम सरसों का तेल व 50 ग्राम सूखा भुना आटा मिलाकर चूहे के बिल के पास या घर के कोने में रखे और अगले दिन निरीक्षण करें । चूहे के न मरने की दशा में पुनः उक्त कृषि रक्षा रसायन का प्रयोग करें । चूहें के मरने के बाद उसको जमीन में गड्ढा खोदकर दबा दें । साथ ही साथ यह भी ध्यान रखें कि कृषि रक्षा रसायन के प्रयोग के समय हाथ में दस्ताने पहनें । दवा रखने के बाद साबुन से अच्छी तरह से हाथ मुंह घुल लेना चाहिए । कृषि रक्षा रसायन बच्चों की पहुँच से दूर रखें ।
किसान भाई किसी भी समस्या/सुझाव हेतु अथवा कीट/रोग के लगने की दशा में रोगग्रस्त फसल/पौधे के फोटो के साथ विभागीय पी.सी. एस. आर. एस. नम्बर 9452247111 एवं 9452257111 पर व्हाटसएप अथवा मैसेज के माध्यम से शिकायत कर सकते हैं ।
किसान भाईयों को समस्या लिखते समय अपना पूरा नाम व पता (ग्राम विकासखण्ड एवं तहसील आदि का नाम) भी अंकित करना होगा । समस्या का समाधान 48 घंटे के अन्दर कर दिया जायेगा ।
