बिन्दकी/फतेहपुर । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की सांसद सदस्यता समाप्त करने तथा उनका आवास खाली कराए जाने को लेकर कांग्रेसियों में गहरी नाराजगी का माहौल है । जिसके चलते कांग्रेस के जिला मीडिया प्रभारी ने अपने आवास में ‘मेरा घर राहुल गांधी का घर’ पोस्टर चिपकाकर राहुल गांधी को अपना आवास देने की बात कही और कहां की एक साजिश के तहत राहुल गांधी को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है । लेकिन यह साजिश नाकाम साबित हो रही है राहुल गांधी दिन प्रतिदिन और मजबूत हो रहे हैं । जिसका संदेश पूरे देश में जा रहा है ।
आज मंगलवार को कांग्रेस पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी विवेक मिश्र ने नगर के ललौली चौराहे के समीप स्थित अपने आवास में ‘मेरा घर राहुल गांधी का घर’ लिखा पोस्टर चिपकाने का काम किया ।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता एक साजिश के तहत समाप्त की गई है और उनका आवास खाली कराया जा रहा है । ऐसी स्थिति में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपनी स्वेच्छा से मेरा घर राहुल गांधी का घर अभियान चलाने का निर्णय लिया है । इस अभियान में अब तक कई लाख कांग्रेसी हिस्सा ले चुके हैं । इसी क्रम में उन्होंने भी अपना घर राहुल गांधी को देने का निर्णय लिया है और अपने घर में पोस्टर चिपकाने का काम किया है ।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक षड्यंत्र के तहत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है । उसका उल्टा असर पड़ रहा है राहुल गांधी लगातार मजबूत हो रहे हैं । आने वाले 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को पूरे देश में पूर्ण बहुमत मिलने वाला है और एक बार फिर देश में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी ।
