कानपुर । प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ जरूरतमंदों को नहीं मिल पा रहा है । बड़ी संख्या में लोग झोपड़ी में गुजर बसर कर रहे हैं । पीड़ितों का कहना है कि ब्लॉक मुख्यालय के चक्कर लगाने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है । कच्चे घर और शौचालय पर छप्पर डालकर गुजर हो रही है ।
विकास खण्ड सरसौल के बड़ागांव निवासी बलदेव सिंह पुत्र स्व. लाला सिंह ने बताया कि उसका कच्चा मकान गिर रहा है । जर्जर दीवारों पर छप्पर रखकर परिवार जैसे तैसे गुजर बसर कर रहा है । उसने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत फॉर्म भरकर जमा किया जिसके बाद प्रधानमंत्री आवास योजना में उनका नाम आ गया ।
लेकिन ब्लॉक कर्मियों ने उनके मकान की चारों दीवारें पक्की दिखाकर कैंसिल करवा दी । पीड़ित ने मकान दिलाए जाने के लिए पंचायत कर्मियों से गुहार लगाई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई ।
पीड़ित लाभार्थियों ने बताया कि जिम्मेदारों की उदासीनता के कारण आवास योजना का लाभ नहीं मिला है ।
