कर्नाटक में भले कांग्रेस जीत गई है और इस जीत से पार्टी का हौसला बढ़ा है लेकिन राजस्थान की मुश्किलें ख़त्म होती नहीं दिख रही हैं ।
राजस्थान में भी इसी साल दिसंबर महीने में चुनाव है । पार्टी और प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से नाराज़ राजस्थान के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने सोमवार को कहा कि अगर उनकी मांग मई महीने के आख़िर तक नहीं मानी गई तो राज्य भर में ज़ोरदार आंदोलन शुरू करेंगे ।
सचिन पायलट ने राजस्थान लोक सेवा आयोग को भंग कर फिर से बनाने की मांग की है । पायलट ने कहा कि जिन्हें पेपर लीक होने के कारण नुक़सान हुआ है, उन्हें मुआवजा दिया जाए. पायलट ने पूर्ववर्ती बीजेपी सरकार पर कथित भ्रष्टाचार के मामलों की उच्चस्तरीय जाँच की भी मांग की है ।
#WATCH | If our demands are not by the end of this month, then I will hold an 'andolan' with the public in the entire state. We will continue to raise the issues of the public: Rajasthan Congress MLA Sachin Pilot before the conclusion of his 'Jan Sangharsh Yatra' in Jaipur pic.twitter.com/jSjiEXTUkA
— ANI MP/CG/Rajasthan (@ANI_MP_CG_RJ) May 15, 2023
सचिन पायलट ने कहा, ”जयपुर में आज हमारी जनसंघर्ष यात्रा समाप्त हो रही है । इस महीने के आख़िर में ये तीनों मांगें नहीं मानी गईं तो प्रदेश भर में आंदोलन करूंगा अब तक मैंने गांधीवादी तरीक़े से अनशन किया है लेकिन मांगें नहीं मानी गईं तो हर शहर और गली में आंदोलन छेड़ूंगा । हमारी ताक़त जनता है और जनता के लिए लड़ना ही हमारा मक़सद है ।”
सचिन पायलट जब यह बात कह रहे थे तो काफ़ी आक्रामक मुद्रा में थे । आम तौर पर सचिन पायलट कूल दिखते हैं लेकिन सोमवार को आक्रामक तेवर में थे । आंदोलन छेड़ने की घोषणा के बाद आम लोगों ने ताली बजाकर समर्थन किया ।
