फतेहपुर : कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही जी की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी 2021 की वर्चुअल बैठक आयोजित की गयी ।
बैठक में कृषि राज्य मंत्री,कृषि उत्पादन आयुक्त,अपर मुख्य सचिव कृषि,प्रमुख सचिव मत्स्य,पशुपालन,प्रमुख सचिव उद्यान तथा सिंचाई, विद्युत के साथ ही सभी मण्डलों के मण्डलायुक्त एवं जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े ।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने खरीफ उत्पादकता गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के किसानों ने कोविड-19 महामारी के संक्रमण काल में भी गेहुॅ एवं धान का रिकार्ड उत्पादन किया है । दाल एवं तिलहन में भी निरन्तर उत्पादकता वृद्धि हो रही है । किसानों ने खाद्यान्न उत्पादन मे प्रदेश को मजबूत किया । उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत किसानों के खाते में धनराशि उपलब्ध करायी है ।
कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के दिशा निर्देशन में रिकार्ड उत्पादन को बढ़ाना है ।
उन्होने कहा कि किसान भाई तकनीकी एवं शंकर बीजों के द्वारा उत्पादन को बढ़ायें । उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार ने पर्याप्त बीज एवं यूरिया,डीएपी की व्यवस्था की है । उन्होने कहा कि बुन्देलखण्ड एवं विन्ध्य क्षेत्रों में उत्पादन क्षेत्र में वृद्धि हुई है । उन्होने कहा कि डीएपी पुराने रेट पर ही उपलब्ध है । डीएपी की बोरियों पर मोटे अक्षरों में रेट प्रिन्ट करायें, ताकि किसी भी किसान को परेशानी न हो ।
कृषि मंत्री ने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी जिलों में 15 दिन के अन्दर किटनाशक एवं अन्य दवाओं को उपलब्ध करा दिया जाए । उन्होने कहा कि कृषि यंत्रों का अनुदान दे दिया जाए तथा कृषि यंत्रों की व्यवस्था को तत्काल ठीक कर लें ।
कृषि मंत्री ने कहा कि मोटे अनाजों के बीज बुन्देलखण्ड के जनपद एवं जहॉ से डिमाण्ड आयें । उसे तत्काल उपलब्ध करा दिये जायें। उन्होने कहा कि खेत की मेड़ों पर दलहन एवं तिलहन की खेती को प्रोत्साहित किया जाए ।
उन्होने कहा कि जिला स्तर पर फसलों पर जो रणनीती बनायी जाये, उसमें तिलहन एवं दलहन का विशेष प्लान बनायें । उन्होने कहा कि नदियों के किनारे जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाय । कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य स्तर पर दिये गये सुझावों को समेकित कर समस्या का समाधान किया जायेगा ।
राज्य स्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी को कृषि राज्य मंत्री, कृषि उत्पादन आयुक्त,अपर मुख्य सचिव कृषि एवं अन्य संबंधित विभागों के प्रमुख सचिव एवं निदेशक ने भी सम्बोधित किया ।
इस अवसर पर प्रदेश के सभी मण्डलों के मण्डलायुक्त एवं जिलाधिकारियों ने भी अपने जिले की कृषि से संबंधित समस्याओं एवं आवश्यकताओं के बारे में अवगत कराया ।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती अपूर्वा दुबे,मुख्य विकास अधिकारी सत्य प्रकाश, जिला कृषि अधिकारी/उप कृषि निदेशक ब्रजेश सिंह,अधिशाषी अभियंता सिंचाई,नलकूप,विद्युत सहित संबंधित उपस्थित रहे ।
