बकेवर/फतेहपुर । देवमई गाँव मे विगत वर्षों की भांति बूढ़ेश्वर बाबा मंदिर में श्री रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ वैदिक मंत्रोंच्चार व कलश यात्रा के साथ हुआ ।
कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा निकाल कर की गई । इस दौरान भारी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु सिर पर कलश धारण किए दिखे । कलश यात्रा शाम चार बजे से पूरे गाँव का भ्रमण करते हुए कथा स्थल पर जाकर समाप्त हुई । यात्रा के दौरान पीताम्बर वेश में श्रद्धालु,प्रभु श्री राम व भगवान शंकर परिवार की झांकी के साथ आकर्षण के केंद्र रहे । कलश धारियों द्वारा लगाए जा रहे जयकारे से समूचा वातावरण भक्तिभाव में डूबा नजर आया । जगह-जगह कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया ।
इस दौरान कथावाचक द्वारा कलश के महत्व को साझा करते हुए किसी भी कार्य को करने से पूर्व कलश को स्थापित करना नितांत आवश्यक बताया गया ।
उन्होंने बताया कि कलश में तैतीस कोटि के देवी-देवता विराजमान रहते हैं । ऐसे में सिर पर कलश धारण करना बड़े ही सौभाग्य का विषय है । आयोजकों ने बताया कि इस साप्ताहिक कार्यक्रम में दोपहर 2 बजे से भगवत कथा व रात्रि के समय रासलीला का भी आयोजन होगा । कथा के समापन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन होगा ।
कलश यात्रा में मुख्य रूप से अखिलेश कुमार तिवारी (जिला जज),देवनारायण द्विवेदी,बाबा राकेश पांडेय,राम जी तिवारी, फूल सिंह यादव,मानसिंह,बीरसिंह यादव,पुष्पेंद्र यादव,दीपक के अलावा भारी संख्या में अन्य श्रद्धालु शामिल रहे ।
