फतेहपुर : गरीब कल्याण योजना का राशन हर हाल में 15 जून तक वितरित कर दिया जाएगा ।
यह जानकारी देते हुए
जिलाधिकारी श्रीमती अपूर्वा दुबे ने बताया कि आयुक्त, खाद्य तथा रसद विभाग,उ0प्र0 जवाहर भवन लखनऊ के पत्र के क्रम में “प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना” के अंतर्गत जनपद फतेहपुर के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में जारी अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी के लाभार्थियों के राशन कार्ड में माह जून 2021 के प्रथम वितरण चक्र 3 जून से15 जून तक समय प्रातः 6:00 से सायकाल 9:00 बजे तक निशुल्क खाद्यान्न (03 किलोग्राम गेहूं व 02 किलोग्राम चावल) प्रति यूनिट की दर से वितरण किया जाना है ।
स्पष्ट किया जाता है कि अंत्योदय कार्ड धारकों को भी प्रति यूनिट के आधार पर निशुल्क खाद्यान्न 03 किलोग्राम गेहूं वह 02 किलोग्राम चावल प्रति यूनिट की दर से वितरण किया जाएगा । जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में 1106 उचित दर दुकान कार्यरत हैं । जिनमें से 667 उचित दर विक्रेताओं द्वारा खाद्यान्न का उठान कर लिया गया है जिनके द्वारा पीएमजीकेवाई का खाद्यान्न माह जून 2021 के सापेक्ष दिनांक 03 जून से वितरण प्रारंभ कर दिया जाएगा । शेष 439 उचित दर विक्रेताओं द्वारा खाद्यान्न का उठान किया जा रहा है जैसे-जैसे उचित दर विक्रेताओं को खाद्यान्न प्राप्त होता जाएगा । वैसे-वैसे उचित दर विक्रेता द्वारा तत्काल ही निशुल्क खाद्यान्न का वितरण प्रारंभ कर दिया जाएगा । समस्त उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित किया जाता है कि जैसे ही खाद्यान्न का उठान हाट शाखा गोदाम से कर लें । उसके दूसरे दिन निर्धारित समय से ही कार्र्डधारकों को सूचना देकर वितरण प्रारंभ कर दें उपभोक्ताओं को निशुल्क खाद्यान्न की विधिवत जानकारी हो इस हेतु उचित दर दुकानों पर भी अनिवार्यता निशुल्क खाद्यान्न की सूचना का प्रदर्शन किया जाए । उचित दर दुकानों पर अंदर तथा बाहर उक्त सूचना का प्रदर्शन कम से कम तीन स्थानों पर कराया जाए ।
ताकि पारदर्शिता बनी रहे । अतः जनसाधारण को सूचित किया जाता है कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत जनपद फतेहपुर के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में जारी अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी के लाभार्थियों के राशन कार्डों में पीएमजीकेवाई के अंतर्गत माह जून 2021 के निशुल्क अतिरिक्त खाद्यान्न (गेहूं व चावल) का वितरण प्रथम चक्र में 03 जून से 15 जून तक वितरण किया जाएगा जो कार्ड धारक को आधार प्रमाणीकरण से खाद्यान्न प्राप्त करने से वंचित रह जाते हैं ।
उन्हें मोबाइल ओटीपी वेरीफिकेशन के माध्यम से माह जून की दिनांक 15 जून को प्राप्त कर सकेंगे तथा राशन कार्ड धारकों को पोर्टबिलिटी के अंतर्गत 13 जून से 15 जून के मध्य वितरण अनुमन्य रहेगा । कार्ड धारक धैर्य बनाए रखें उन्हें प्रत्येक दशा में 15 जून 2021 तक खाद्यान्न प्राप्त हो जाएगा और कोई भी अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारक खाद्यान्न प्राप्त करने से वंचित नहीं रहेगा । कार्डधारक संबंधित उचित दर विक्रेता से निशुल्क खाद्यान्न नामित नोडल अधिकारियों की उपस्थिति में कोविड-19 के दृष्टिगत शासन के निर्देशों के अनुसार सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए मास्क व सेनीटाइजर व साबुन पानी आदि को प्रयोग कर निशुल्क खाद्यान्न प्राप्त करना सुनिश्चित करें । समस्त क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी पूर्ति निरीक्षक एवं नोडल अधिकारी एवं पर्यवेक्षण अधिकारी जनपद फतेहपुर को निर्देशित किया जाता है कि किसी भी दशा में पात्र कार्ड धारक खाद्यान्न पाने से वंचित ना रहे इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य में नहीं होगी ।
