फतेहपुर । जनपद के गौ आश्रय स्थलों पर संरक्षित गोवंशों की समुचित व्यवस्था एवं देखरेख की वास्तविक स्थिति हेतु भौतिक सत्यापन तथा निरीक्षण करने के लिए जनपद फतेहपुर के भ्रमण पर आये शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी डॉ० डी० के० पाण्डेय द्वारा बीती 21 से 23 जून तक जनपद की कुल 14 गौशालाओं (सलेमाबाद,रारा चांदपुर, मंसूरमोधनपुर, कान्हा गौशाला,शिवराजपुर,कांजी हाउस कल्याणपुर,बनियनखेड़ा ,मंगलपुर टकौली, रामपुर थरियांव, संवत,मझटेनी,रोशनपुर टेकारी, विक्रमपुर एवं सुल्तानपुरघोष) का निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान सम्बन्धित पशुचिकित्साधिकारी/खण्ड विकास अधिकारी/ग्राम विकास अधिकारी उपस्थित रहे ।

नोडल अधिकारी द्वारा गौशालाओं को स्वावलम्बी बनाने हेतु गोबर के लठ्ठे,बायोगैस, गोनायल, मछली पालन करने हेतु निर्देशित किया ।
आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए जलभराव/कीचड़ की स्थित उत्पन्न न हो इसके लिए पहले से ही उचित प्रबन्धन हेतु निर्देशित किया । साथ ही सभी गौशाला में साफ-सफाई हेतु कड़ाई से निर्देश दिए गए । सम्बन्धित पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करें । इसके अतिरिक्त सभी बीडीओ तथा पशु चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सहभागिता योजनान्तर्गत गोवंशों को सुपुर्द करते हुए लक्ष्य की पूर्ति करना सुनिश्चित करें ।
