बकेवर/फतेहपुर । थाना बकेवर क्षेत्र के ग्राम बरिगवां व अमलोहना को जोड़ने वाला नहर पुल शराबियों का अड्डा बनता जा रहा है और यहां प्रतिदिन अराजक तत्व जमा होते हैं और नशे में आने जाने वाली महिलाओं व युवतियों पर अश्लील फब्तियां कसते हैं और गाली गलौज करते हैं । जिससे क्षेत्रीय ग्रामीणों में काफी रोष देखा जा रहा है । यहां के नशेबाज युवक शाम ढलते ही पुल के पास इकट्ठा होते हैं और नशे बाजी करते हैं और जब नशे में हो जाते हैं तो निकलने वाले राहगीरों युवक-युवतियों को गाली गलौज कर अपमानित करते हैं । यही वजह है कि शाम होते ही यहां रहने वाली महिलाएं और युवतियां अपने घरों में दुबक जाती हैं ।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम बरिगंवा में एक अनाधिकृत शराब बेचने का अड्डा है । जहां से आसानी से नशे वालों को शराब उपलब्ध हो जाती है । इस अवैध शराब बिक्री केंद्र जहां आबकारी विभाग को एक बड़ा चूना लगता है । वही यहां के युवकों पर विपरीत असर पड़ रहा है । ग्रामीणों ने अपना नाम न छापने की शर्त पर बताया कि बकेवर पुलिस को इस अवैध शराब की बिक्री की पूरी जानकारी है । किंतु वह किसी भी प्रकार की कोई कार्यवाही नहीं करती है । ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग किया है कि अवैध शराब बिक्री पर प्रतिबंध लगाया जाए और प्रतिदिन नहर पुल पर लगने वाले शराबियों के जमावड़े पर कार्यवाही की जाए और पुलिस की गश्त कराई जाए ।
