छतरपुर । शहर में पिछले सप्ताह महिला को दिनदहाड़े गोली मारने की घटना से हड़कंप मच गया था । महिला के पति राहुल शुक्ला को शक था कि उसकी पत्नी के किसी और से अवैध संबंध हैं । इसी के चलते उसने इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया । पुलिस कंट्रोल रूम में एसपी अमित सांघी ने पूरी साजिश का खुलासा किया ।
बता दें कि 21 जुलाई को शांति नगर कॉलोनी निवासी ज्योति शुक्ला दोपहर के वक्त अपने बच्चे को स्कूल से लेने के लिए जा रही थीं । रास्ते में भैंसासुर मुक्तिधाम के पास 4 अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने उसे गोली मार दी । ज्योति को जिला अस्पताल ले जाया गया । गंभीर हालत को देखते हुए उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया था । ग्वालियर में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई ।
हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद : एसपी ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए एक टीम बनाई गई । इसमें छतरपुर एडिशनल एसपी, सीएसपी छतरपुर,टीआई कोतवाली और साइबर की टीम थी
। चार दिन तक टीम ने मामले की गहराई से पड़ताल की और फिर इसका खुलासा किया । आरोपी पति ने 6 लाख रूपये में पत्नी की सुपारी बदमाशों को दी थी । पति ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है । हत्या के लिए इस्तेमाल किए गए कट्टे भी बरामद कर लिए गए हैं । गिरफ्तार आरोपियों में पति के अलावा अन्य तीन भी छतरपुर के रहने वाले हैं । एक आरोपी ललितपुर का है । इस केस को जल्द सुलझाने के लिए जांच करने वाली टीम को दस हजार का कैश का अवार्ड भी दिया गया ।
आरोपी पति ने ये बताया : एसपी अमित सांघी के अनुसार महिला के पति राहुल शुक्ला ने बताया कि उसकी पत्नी ज्योति शुक्ला के किसी व्यक्ति से अवैध संबंध थे,जिसकी जानकारी उसे थी । इसी के चलते वह ज्योति से नफरत करने लगा था । राहुल के मुताबिक सबसे पहले उसने इस बारे में अपने दोस्त अजय सिंह परमार से बात की । इसके बाद पत्नी की हत्या कराने का साजिश रची । अजय सिंह परमार ने उसे केशव राजा, प्रद्युम्न सिंह और राजवीर सिंह से मिलवाया । राहुल ने हत्या के लिए इन चारों को 6 लाख रुपए की सुपारी दी । एक लाख रुपए आरोपियों को दिए जा चुके थे । घटना को अंजाम देने से पहले हत्यारों ने महिला की रैकी भी की थी । जिसके सबूत पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में मिले है ।
