विद्युत लाइन में फाल्ट से अक्सर फुंक जाते हैं घरेलू उपकरण
बकेवर/फतेहपुर । कस्बा क्षेत्र के बकेवर उपकेंद्र में रोजाना फाल्ट होने से किसान व घरेलू उपभोक्ता परेशान है । किसानो के खेत सूखे पड़े है और फसलें बर्बाद होने की कगार पर है तो घरों के उपकरण शोपीस बन कर रह गए है और गर्मी से आम जनमानस बेहाल हैं ।
विद्युत उपकेंद्र के आए दिन फाल्ट बने ही रहते है । कभी जंफर उड़ जाते है तो कभी केबिल तो कभी ट्रांसफार्मर में फाल्ट आ जाती है लो वोल्टेज व फाल्टों के कारण उपकरण जवाब दे रहे है । धान की फसल को इस समय पानी की आवश्यकता है बारिश न होने के कारण सिचाई सिर्फ नलकूपों पर ही निर्भर है भीषण गर्मी में लोगो को रात में भी सुचारू रूप से सप्लाई नही मिल रही है । विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से धड़ाम हो गयी है ।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि उपकेन्द्र के अंतर्गत आये दिन फाल्ट होते रहते है हम लोगों को प्रतिदिन बिजली की समस्या का सामना करना पड़ता है जब कभी बिजली आती भी तो लो वोल्टेज ही रहता है जिस कारण घरेलू उपकरण भी आये दिन खराब होते रहते है ।
इस विषय मे बकेवर विद्युत उपकेंद्र के रामनयन यादव ने बताया कि लोड ज्यादा होने के कारण आए दिन फॉल्ट होते हैं । 5एमवीए ट्रांसफार्मर को 10एमवीए करने के लिए उच्च अधिकारियों से कहा गया है । जल्द ही समस्या का निवारण हो जाएगा ।
