कानपुर । यूपी में योगी सरकार बनते ही सबसे पहले खनन माफिया पर शिकंजा कसने की बात कही गई थी । लेकिन यहां आदेश को पूरी तरह दरकिनार कर दिया गया है । हालात यह है कि खनन माफिया पूरी तरह से सक्रिय हैं । नियमों की आड़ में जमकर खनन किया जा रहा है । खेतों को तालाब और गहरी खाई में तब्दील किया जा रहा है । कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुंहैला चौकी के चंद कदम दूरी पर ट्रैक्टर ट्राली से मिट्टी की पुराई की जा रही है । दिन रात हो रहे अवैध खनन से सड़कें गढ्ढे में तब्दील हो गई है । क्षेत्रीय जनता भी परेशान है । लेकिन पुलिस प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर पा रहा है ।
नरवल तहसील के कुलगांव,मदारपुर,सुंहैला, महुआगांव, बाजखेड़ा, सरसौल वहीं महाराजपुर थाना क्षेत्र में सबसे ज्यादा अवैध मिट्टी का खनन होता रहा है ।
हालांकि पुलिस व खनिज विभाग द्वारा कई बार खनन माफियाओं पर कार्रवाई भी की गई है । उसके बावजूद खनन माफिया खनन कराने से बाज नहीं आ रहे है । हालांकि सोमवार की रात्रि को महाराजपुर पुलिस ने कुलगांव के पास से खनन कर रहे दो डंपरों को पकड़ा है ।
कानपुर पुलिस कमिश्नर आरके स्वर्णकार ने ट्विटर के माध्यम से महाराजपुर थाना प्रभारी को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है । उन्होंने बताया कि मामला महाराजपुर पुलिस के संज्ञान में है कार्रवाई की जा रही है ।
