फतेहपुर । बेसिक शिक्षा परिषद एवं ख़ान एकेडमी के संयुक्त तत्वाधान में चल रहे ऑनलाइन गणित शिक्षण अंतर्गत ‘शिक्षक सुपरस्टार प्रोग्राम’ में अगस्त माह में केजीबीवी विजयीपुर ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया । 15 सितम्बर को घोषित हुए परिणाम में विजयीपुर की गणित शिक्षिका निशा सिंह ने यह उपलब्धि प्राप्त की है ।
जिला समन्वयक बालिका शिक्षा डॉ० विवेक शुक्ला एवं ख़ान एकेडमी के मेंटर सौष्ठव त्रिपाठी ने बताया कि शिक्षक सुपरस्टार प्रोग्राम में उत्तर प्रदेश के समस्त कस्तूरबा गाँधी बालिका विद्यालय प्रतिभाग करते हैं । जिसमें ख़ान एकेडमी के द्वारा ऑनलाइन प्लेटफ़ार्म पर गणित के कक्षा आधारित वीडियोज़ और अभ्यास प्रदान किए जाते हैं । विद्यालय की छात्राओं द्वारा इन अभ्यासों को पूर्ण करने पर अंक मिलते हैं । अगस्त माह में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय विजयीपुर की छात्राओं ने अपनी शिक्षिका निशा सिंह के मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में सर्वाधिक अंक अर्जित किए ।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी पंकज यादव ने छात्राओं की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए आगे भी इसी प्रदर्शन को दोहराने की शुभकामना दी ।
