कानपुर । सरसौल विकासखंड के तिलसहरी स्थित कंपोजिट विद्यालय में स्कूली बच्चों के व्यक्तित्व विकास को लेकर प्रधानाध्यापक मनोज द्विवेदी के अगुवाई में शनिवार को लोकतांत्रिक तरीके से बाल संसद का चुनाव कराया गया ।
चुनाव में सातवीं कक्षा की छात्रा राधा वर्मा प्रधानमंत्री तथा आठवीं कक्षा की छात्रा शिखा उप प्रधानमंत्री पद के लिए निर्वाचित हुई । वहीं मौके पर ही उन्हें जिम्मेदारी का एहसास दिलाते हुए पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गई ।
मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज द्विवेदी ने बताया कि विद्यालय के प्रबंधन में सहभागिता के मद्देनजर बाल संसद का निर्वाचन कराया जाता है । ताकि बच्चों के अन्दर कुशल नेतृत्व क्षमता,आत्मविश्वास के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास का गुरुमंत्र सिखाया जा सके । प्रबंध समिति अध्यक्ष पंकज तिवारी ने बताया कि बीते दिनों विद्यालय परिसर में शिक्षक एवं बच्चों के साथ बैठक की गई थी । जिसमें पहली कक्षा से लेकर आठवीं तक के छात्र-छात्राओं को बाल संसद की महत्ता,उद्देश्य व लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत गठन प्रक्रिया पर विस्तृत जानकारी दी गई थी । चुनावी प्रक्रिया को लोकतांत्रिक तरीके से कराने के लिए अधिसूचना जारी करने के बाद अलग-अलग तिथियों में नामांकन,नाम वापसी व चुनाव चिन्ह आवंटित कर विधिवत चुनाव संपन्न कराया गया ।

वहीं आयोजित गुप्त मतदान के लिए पर्यवेक्षक के रूप में विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज द्विवेदी की देख-रेख में कुल 376 छात्र-छात्राओं ने शनिवार को विभिन्न पदों के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया । चुनाव संपन्न कराए जाने के बाद मत पत्रों की गिनती में सर्वाधिक मत प्राप्त प्रत्याशी राधा वर्मा को प्रधानमंत्री तथा उप प्रधानमंत्री शिखा को घोषित किया गया । इसके बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया ।जिसमें नेहा शिक्षामंत्री,अजंलि कुशवाहा उप शिक्षा मंत्री,सचिन स्वास्थ्य एवं स्वच्छता मंत्री, खुशी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता मंत्री, अंश जल एवं कृषि मंत्री, अंशुल उप जल एवं विज्ञान मंत्री, पूर्णिमा पुस्तकालय एवं विज्ञान मंत्री, आदर्श उप पुस्तकालय एवं विज्ञान मंत्री, अविनाश सांस्कृतिक एवं खेल मंत्री, रागिनी उप सांस्कृतिक एवं खेल मंत्री की शपथ दिलाई गई ।
