फतेहपुर /बिन्दकी : समाजवादी पार्टी की नेत्री अनु मिश्रा की अगुवाई में एक साइकिल रैली बिंदकी नगर व ग्रामीण इलाकों में निकाली गई । यह साइकिल रैली एक दर्जन से अधिक गांवों में घूमते हुए बिंदकी नगर में पहुंची । रैली ने करीब 25 किलोमीटर की लंबी यात्रा तय किया ।
महंगाई भ्रष्टाचार तथा अन्य मामलों के विरोध में सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन भी तहसील परिसर में उपजिलाधिकारी की अनुपस्थिति में उनके पेशकार को सौंपा गया ।
समाजवादी पार्टी की नेत्री अनु मिश्रा के नेतृत्व में महंगाई, भ्रष्टाचार,बेरोजगारी,महिला उत्पीड़न,रेप की बढ़ती घटनाओं के विरोध में एक साइकिल रैली मलवां ब्लाक क्षेत्र के ग्राम
चित्तापुर से प्रारंभ हुई ।
यह साइकिल रैली सौह,दादनखेड़ा,पाहरवापुर,बहरौली,रजीपुर होते हुए बिंदकी नगर पहुंची तथा बिंदकी कस्बे के विभिन्न मोहल्लों से रैली घूमते हुए तहसील परिसर पहुंची ।

जहां पर कोई अधिकारी ना मिलने पर एसडीएम विजय शंकर तिवारी के पेशकार सुरेंद्र कुमार को एक ज्ञापन सौंपा गया । जिसमें बढ़ती डीजल पेट्रोल की कीमतों पर जमकर नाराजगी जाहिर की गई ।
ज्ञापन में कहा गया कि यही भारतीय जनता पार्टी के लोग थे जब दूसरी सरकार में जरा कीमत बढ़ती थी तो धरना प्रदर्शन करते थे । लेकिन आज यही भारतीय जनता पार्टी के लोग चुप्पी साधे बैठे हैं । कोई विकास का काम नहीं किया जाता है । ऐसे में भाजपा को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है । ज्ञापन में किसानों का बिजली बिल माफ करने की मांग की गई । किसान विरोधी तीनों कृषि कानून वापस लिए जाने की भी मांग की गई ।बेरोजगार युवकों को रोजगार देने की मांग करते हुए कहा गया कि यदि रोजगार नहीं दे सकते तो बेरोजगारी भत्ता दिया जाए । आवारा मवेशियों की भी समस्या को ज्ञापन में स्थान दिया गया ।
इस मौके पर सपा नेत्री अनु मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश तथा केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पूरी तरह से फेल है । महंगाई लगातार बढ़ रही है । पेट्रोल की कीमत ₹100 लीटर से अधिक हो गई है । जनता में त्राहि-त्राहि मची हुई है । विकास के नाम पर पूरी तरह से जनता ठगी सी है । शासन में बैठे लोग सिर्फ जनता को बरगलाने का काम किया जा रहा है । केंद्र और राज्य की सरकारें सिर्फ सत्ता में कुण्डली मारे बैठे हैं । उन्होंने कहा कि आगामी 2022 के चुनाव में निश्चित रूप से इस सरकार का सफाया होगा । उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और एक बार फिर अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे ।
इस मौके पर वरिष्ठ सपा नेत्री अनु मिश्रा के समर्थक अविनाश सिंह,पप्पू सिंह,नरेंद्र सिंह,लवकुश यादव,विजय सिंह,कल्पना देवी,अमृता देवी,कविता देवी,कोमल देवी,पचरा,नितिन,समीर खान सहित तमाम लोग मौजूद रहे ।
