मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से बड़ी खबर आ रही है । यहां एक भीषण सड़क हादसा हो गया । दिल्ली देहरादून हाईवे पर रामपुर तिराहे के पास एक कार पीछे से ट्रक में घुस गई । इस हादसे में कार सवार छह दोस्तों की मौत हो गई । इनमें पांच युवक दिल्ली के रहने वाले थे, जबकि एक मेरठ का था । सभी दोस्त सियाज कार में सवार होकर हरिद्वार घूमने जा रहे थे ।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, हादसा मंगलवार को तड़के लगभग चार बजे थाना छपार क्षेत्र में रामपुर तिराहे के निकट हुआ यहां से सहारनपुर और देवबंद की तरफ जाने के लिए कट है । मुजफ्फरनगर से माल वाहक 22 टायरा ट्रक हरिद्वार की तरफ जा रहा था । तभी पीछे से आई सियाज कार की ट्रक में घुस गई । कार तेज रफ्तार में थी । जिससे आधे से ज्यादा कार ट्रक के नीचे घुस गई । हादसे की जानकारी होने पर रामपुर तिराहा चौकी और छपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची । सीओ विनय गौतम भी पहुंच गए । क्रेन मंगवाकर ट्रक के नीचे फंसी कार से उसमें सवार लोगों को बाहर निकाला गया । पुलिस ने लहूलुहान हालत में कार सवार लोगों को जिला अस्पताल भिजवाया । जहां डाक्टरों ने सभी छह युवकों को मृत घोषित कर दिया । पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । मृतकों की शिनाख्त होने पर उनके स्वजन को फोन से सूचना दे दी गई । पुलिस का मानना है कि कार अनियंत्रित गति में थी, ट्रक बाईं तरफ चल रहा था । अनियंत्रित गति के कारण यह हादसा हुआ ।
मृतकों की सूची
पुलिस ने बताया कि सभी मृतकों की उम्र 23 से 25 वर्ष के बीच है । हादसे में मारा गया कुणाल शर्मा कपड़ों की दुकान पर नौकरी करता था । जबकि शिवम त्यागी बजाज फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता था । पारस शर्मा दिल्ली में बीबीए की पढ़ाई कर रहा था । धीरज,अमन और विशाल बेरोजगार बताए गए हैं । मृतकों में दिल्ली के मानसरोवर निवासी कुणाल शर्मा,शिवम त्यागी,पारस शर्मा,धीरज और नार्थ ईस्ट दिल्ली के अशोक नगर निवासी विशाल तथा मेरठ के आर्य नगर निवासी अमन शामिल हैं ।
