कानपुर । नरवल तहसील में कोटेदारों ने शनिवार को कमीशन बढ़ाने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी नरवल को सौंपा ।
नरवल तहसील कोटेदार कल्याण संघ की अध्यक्ष सरिता अवस्थी व ब्लाक अध्यक्ष नरेंद्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में करीब 50 से अधिक कोटेदारों ने शनिवार दोपहर नरवल तहसील पहुंचे ।
यहां उन्होंने उपजिलाधिकारी नरवल ऋषभ वर्मा को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा । सरिता अवस्थी ने बताया कि वर्तमान में कोटेदारों को सिर्फ 90 रुपये प्रति कुंटल का कमीशन दिया जा रहा है । इससे परिवार पालना भी मुश्किल होता है । उन्होंने कमीशन को दो सौ रुपये प्रति कुंटल करने की मांग की ।
ब्लाक अध्यक्ष नरेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि साल 2002 से 2014 तक कोटेदार ही राशन गोदाम से गांव में दुकान तक निजी भाड़ा खर्च पर लाते थे । माल भाड़ा की लाखों की रुपये की लागत अभी तक विभाग द्वारा नहीं दी गई है । कोरोना काल के दौरान का माल भाड़ा भी नहीं दिया गया ।
ज्ञापन में बताया कि सरकार द्वारा राशन को गोदाम से दुकान तक डोर स्टेप डिलीवरी सुनिश्चित करने को कहा गया है । राशन दुकानें आबादी के बीच हैं और यहां 16 चक्का ट्रक नहीं पहुंच पाता । इसलिए जरूरी है कि 50 प्रतिशत छोटी गाड़ी को प्रयोग में लाने का आदेश पारित किया जाए ।
उन्होंने कहा कि अगर ये मांगे पूरी नहीं होती हैं तो वे नए साल से वितरण कार्य से विरत रहने पर विवश होंगे । इस मौके पर विनय पांडेय उपाध्यक्ष,राजकुमार गुप्ता,सुशील मिश्रा,अवध नारायण अवस्थी ,विजय द्विवेदी,अश्वनी सिंह,उपेंद्र सिंह,विजय शुक्ला,उत्कर्ष तिवारी, अरविंद साहू,मो. यासीन, कासिफ हुसैन, सीता देवी समेत करीब पचास से अधिक कोटेदार मौजूद रहे ।
