फतेहपुर । सहायक श्रमायुक्त सुमित कुमार ने बताया कि उ०प्र० सरकार द्वारा स्थापित अटल आवासीय विद्यालय के शिक्षा सत्र 2024 -25 में कक्षा–06 में 140 तथा कक्षा–09 में 140 सीटों पर प्रवेश हेतु प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाना है ।
उ०प्र० सरकार द्वारा प्रत्येक राजस्व मण्डल में सी०बी०एस०ई० पैटर्न पर आवासीय सुविधाओं सहित निशुल्क शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण किया गया है । प्रयागराज मण्डल में अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण जनपद प्रयागराज के कोरांव तहसील के ग्राम बेलहट में किया गया है ।
अटल आवासीय विद्यालय में उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत दिनांक- 31.12.2020 या इसके पूर्व में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बालक/बालिकाओं तथा कोविड- 19 से अनाथ हुए बच्चों जिनका महिला एवं बाल कल्याण विभाग में पंजीयन हो अथवा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना हेतु पात्र बच्चों को आवासीय सुविधाओं सहित उच्च गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जायेगी ।
शिक्षा सत्र 2024-25 में कक्षा-06 में प्रवेश हेतु इच्छुक बालक/बालिका की जन्मतिथि 1 मई 2012 से पूर्व एवं 31 जुलाई 2014 के बाद नहीं होनी चाहिए । कक्षा-09 में प्रवेश हेतु इच्छुक बालक/बालिका की जन्मतिथि 1 मई 2009 से पूर्व एवं 31 जुलाई 2014 के बाद नहीं होनी चाहिए । जिसमे सीटों के स्थानों में 27 प्रतिशत अन्य पिछड़ा वर्ग, 21 प्रतिशत अनुसूचित जाति एवं 02 प्रतिशत अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षण का प्राविधान है ।
साथ ही “दिव्यांग बच्चों (शारीरिक विकलांगता, श्रवणबाधित और दृष्टि बाधित)” के लिए आरक्षण का प्राविधान है ।
प्रवेश हेतु इच्छुक पंजीकृत निर्माण श्रमिक कार्यालय सहायक श्रमायुक्त ,आवास विकास,आबूनगर रोड फतेहपुर, कार्यालय जिला विद्यालय निरीक्षक फतेहपुर, कार्यालय, बेसिक शिक्षा अधिकारी, फतेहपुर तथा सभी खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से आवेदन प्राप्त एवं जमा कर सकते हैं । आवेदन जमा करने की अन्तिम तिथिः 10 फरवरी 2024 है ।
उक्त प्रवेश परीक्षा जनपद की तीनों तहसीलों (खागा, बिन्दकी एवं फतेहपुर) में आयोजित की जायेगी ।
आवेदन पत्र के साथ बालक/ बालिका के आधार कार्ड, अभिभावक के आधार कार्ड तथा श्रम कार्ड की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य है । किसी भी प्रकार की असुविधा के लिए कार्यालय सहायक श्रमा युक्त फतेहपुर से सम्पर्क किया जा सकता है ।
