फतेहपुर । चिल्ड्रेन पब्लिक सी.से. स्कूल फतेहपुर में बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित आज आशीर्वाद समारोह के दौरान सुनहरी व अविस्मरणीय यादों के पलों को जीवंत कर दिया ।
शिक्षकगण के दिशा-निर्देशन में कक्षा ग्यारह के विद्यार्थियों द्वारा इस कार्यक्रम का सफलता पूर्वक बेहद अनुशासित ढंग से संचालन और आयोजन किया गया ।
कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों को विद्यालय की डायरेक्टर इंजी. प्राची श्रीवास्तव व प्रधानाचार्या डॉक्टर पद्मालया दास चौधुरी ने अपने आशीर्वाद वक्तव्य में जीवन के संघर्षों से न घबराने और सफलता के मार्ग में आने वाली बाधाओं को पार कर जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में परचम लहराने और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं दी ।
प्रधानाचार्या ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे विद्यालय से जुड़ने के बाद उस विद्यालय का खास हिस्सा बन जाते हैं वो हमेशा शिक्षकों और विद्यालय से जुड़े रहते हैं चाहे वो किसी भी पद पर या किसी स्थान पर रहें,कभी भी विद्यालय प्रांगण में किसी भी शिक्षक या प्रिंसिपल से जो सहायता लेना चाहें ले सकते हैं ।
विद्यालय के द्वार हमेशा अपने बच्चों के लिए खुले रहते हैं । बारहवीं के बच्चों ने खट्टी – मीठी यादों को साझा किया । इस पूरे कार्यक्रम में बारहवीं के छात्रों के चहरे पर ख़ुशी तो दिखी लेकिन स्कूल से साथियों से अलग होने का भाव भी दिखाई दिया ।
इस दौरान विशिष्ट अतिथियों में प्रबंधतंत्र से संजय श्रीवस्ताव,श्रीमती रेखा श्रीवास्तव, सी.पी.एस. यू. पी. बोर्ड के प्रधानाचार्य आशुतोष पाण्डेय,विद्यालय की हेड मिस्ट्रेस रीना शुक्ला, लालजी श्रीवस्तव व शिक्षकगण मौजूद रहे । इस समारोह में रैम्प पर कैटवाक,डांस,स्पीच और अपनी प्रतिभाओं के जादू से छात्रों ने सबका खूब मनोरंजन किया ।
बारहवीं के छात्रों ने अपने सभी विषयों के शिक्षकों के साथ अपने अनुभव साझा किए । कई छात्रों ने मंच से अपने उस अनुभव को भी साझा किया जो पढ़ने के समय इस स्कूल से उन्होंने ग्रहण किए थे । अन्त में पुरस्कार,अल्पाहार,आहार,उपहार एवम् सम्मान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ ।
