फतेहपुर । विशेष अभियान चलाकर ग्राम पंचायतों की सफाई कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं ।
यह जानकारी देते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी उपेन्द्र राज सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों में विशेष सफाई अभियान चलाये जाने के निर्देश दिये गये । समस्त खण्ड विकास अधिकारियों एवं सहायक विकास अधिकारियों को विकास खण्ड के अन्तर्गत ग्राम पंचायतो में तैनात सफाई कर्मचारियों के माध्यम से विशेष सफाई अभियान चलाये जाने के निर्देश दिये गये जिसके कम में होलिका दहन की स्थलवार सफाई कराने हेतु कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी । इसके साथ ही ग्राम पंचायतों में साफ- सफाई, कूड़े का निस्तारण,नाली की सफाई,फागिंग,चूना छिड़काव/एन्टीलार्वा आदि के लिए विशेष अभियान प्रारम्भ किया गया ।
विशेष सफाई अभियान के अन्तर्गत ग्राम पंचायतों में 1416 सफाई कर्मचारियों की टीम बनाकर एवं 363 अतिरिक्त मजदूरों को लगाकर सफाई का कार्य कराया गया । अब तक विशेष सफाई अभियान के अन्तर्गत ग्राम पंचायतों में 42263 मी० नालियों की साफ-सफाई, 1823 कूड़े के ढेर, 1733 होलिका दहन स्थल तथा गड्ढों में जल भराव की एवं सार्वजनिक स्थल/रास्तों की साफ-सफाई करायी गयी तथा कूड़े का निपटान कराया गया । इसके साथ ही मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए नालियों में एन्टी लार्वा,चूना आदि का छिडकाव भी कराया गया ।
