बकेवर/फतेहपुर । बकेवर थाना क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद अब इसके उलंघन पर कार्रवाई भी शुरू हो गई है । स्थानीय पुलिस ने आचार संहिता उल्लंघन के मामले में चार लोगों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है । ये लोग बिना अनुमति के एक धार्मिक आयोजन में डीजे पर अश्लील गाने बजाकर नर्तकियों का नृत्य करा रहे थे ।
बकेवर थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लागू होने के बाद से ही प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है । रोजाना वाहनों की चेकिंग की जा रही है ।
इसी क्रम में सोमवार की देर रात मुसाफा चौकी प्रभारी आलोक कुमार तिवारी को बैठका चौराहे में चेकिंग के दौरान ज्ञात हुआ कि डारी खुर्द गांव में प्राथमिक विद्यालय में माँ काली जवारा मेले के दौरान आयोजकों द्वारा भीड़ इकट्ठा करके बिना अनुमति के डीजे में अश्लील गाना बजाकर नृत्य कराया जा रहा है । जो आदर्श आचार संहिता का उलंघन है ।
इस कार्यक्रम के आयोजक पहलवान सिंह पुत्र राम स्वरूप सिंह, राम प्रकाश,संजय कुमार ,सुरेश सिंह पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है ।
