– पत्नी से था मनमुटाव, चल रहा था दहेज उत्पीड़न का केस
फतेहपुर । किशनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत महावतपुर असरट गाँव मे एक व्यक्ति का शव खेतों में मिलने से हड़कंप मच गया । मृतक अपनी ससुराल आया हुआ था ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार असोथर थाना अंतर्गत गाँव सातों जोगा निवासी अमित निषाद उम्र 25 वर्ष पुत्र विजय बहादुर की शादी 5 साल पहले किशनपुर के महावतपुर असरट गांव में सुमन के साथ हुई थी । शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच मनमुटाव हो गया था । जिस कारण पत्नी मायके में ही रहती थी और अमित पर ससुरालीजनों ने दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कर रखा था दोनों की चार वर्षीय बेटी चांदनी मां के साथ ही रहती थी । मंगलवार की रात अमित अपनी ससुराल में पड़ोसी के घर पर एक कार्यक्रम में आया हुआ था । जहां से वह पत्नी से मिलने उसके पास पहुंच गया और पड़ोसियों ने बताया कि अमित शराब के नशे में था और गाली गलौज कर रहा था । लेकिन देर रात वह कहीं लापता हो गया । इसकी सूचना मिलने पर अमित के परिजन उसके ससुराल आए और उसको ढूंढने लगे । बुधवार की सुबह अमित का शव खेतों में पड़ा मिला । पिता विजय बहादुर ने उसकी पीट-पीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है ।
थाना प्रभारी हेमंत मिश्रा ने बताया कि फिलहाल अमित के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है । साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी ।
