बकेवर/फतेहपुर । देवमई ब्लाक के मुसाफा ग्राम में स्थित लगभग 500 वर्षों से अधिक पुराने बाबा श्रीबूढ़ेनाथ स्वामी मंदिर में भक्तों ने सावन माह के दूसरे सोमवार को बर्फ से अद्भुत श्रृंगार किया ।
बाबा श्रीबूढ़ेनाथ स्वामी के प्रति लोगों की विशेष आस्था और विश्वास है । जिसके चलते दूर-दूर से भक्त इस पावन स्थान पर दर्शन करने आते हैं । श्रद्धालुओं ने पूरे जोश और उल्लास के साथ ‘जय बूढ़ेना थाय’ के जयकारे लगाते हुए मंदिर प्रांगण को भक्तिमय वातावरण से गूंजायमान कर दिया ।
भक्तों ने शिवलिंग का बर्फ से अनूठा अभिषेक किया । जिससे मंदिर का माहौल और भी पवित्र और सुंदर हो गया ।
इस अवसर पर भक्त गौरव शुक्ला, गोपाल शुक्ला, हर्षित तिवारी, अमित तिवारी, प्रशांत, वंश शुक्ला विनायक शुक्ला, गंभीर सहित तमाम भक्तजन मौजूद रहे ।
सभी ने बाबा से जनकल्याण हेतु प्रार्थना की और शिवलिंग को विशेष रूप से सजाया । सावन के इस पावन महीने में मंदिर में होने वाले इस धार्मिक आयोजन ने भक्तों के मन को अद्वितीय आनंद और शांति प्रदान की । बाबा श्रीबूढ़ेनाथ स्वामी के इस प्राचीन मंदिर में भक्तों का निरंतर आना-जाना लगा रहता है,विशेषकर सावन माह में, जब यहाँ की धार्मिक गतिविधियाँ और भी बढ़ जाती हैं ।
मुसाफा के गौरव शुक्ला बताते हैकि बाबा के प्रति भक्तों का विश्वास है कि बाबा श्रीबूढ़ेनाथ की कृपा से सभी कष्ट दूर हो जाते हैं और मनोकामनाएँ पूर्ण होती हैं मंदिर में होने वाले इस प्रकार के धार्मिक आयोजन से गांव और आसपास के क्षेत्रों में आस्था का माहौल और भी प्रबल हो जाता है ।
