कानपुर । कमिश्नरेट के महाराजपुर पुलिस ने ईमानदारी की मिसाल पेश कर एक युवक को पांच हजार रुपये व जेवरात भरा बैग वापस कर दिया ।
जानकारी के अनुसार थाना शिवली निवासी पिंटू अपनी पत्नी व बच्चों को लेकर मोटरसाइकिल से अपनी ससुराल महाराजपुर थाना क्षेत्र के करबिगवां गांव जा रहा था । तभी कुलगांव ओवरब्रिज में अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी । जिससे बाइक अनियंत्रित होकर हाइवे में गिर गई । हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए ।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया । जहां उपचार के दौरान पिंटू की दो वर्षीय बेटी की मौत हो गई । वहीं हादसे में पिंटू का नगदी व जेवरात से भरा बैग गिर गया । पुलिस ने उस बैग को सुरक्षित रख लिया । ईमानदारी और मानवता आज भी जिंदा है ।
कुलगांव चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार ने बैग की जानकारी परिजनों को दी और बताया कि आपका बैग सुरक्षित चौकी परिसर में रखा हुआ है । इस मामले में पुलिस ने मालिक को बुलाकर बैग वापस कर दिया । चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार ने ईमानदारी का परिचय देते हुए मिसाल कायम की वहीं बैग लेने पहुंचे परिवार के सदस्यों ने पुलिस की सराहना की । पुलिस की इस सराहनीय कार्य के लिए क्षेत्र के लोगों ने एसआई प्रदीप कुमार की जमकर सराहना की ।
