– जर्जर पुल व रेलिंग से हो रहे हादसों से ग्रामीणों में आक्रोश
बकेवर/फतेहपुर । बकेवर थाना क्षेत्र के एक जर्जर नहर पुल से दो बाइक सवार गिर गए थे । मंगलवार रात करीब 8 बजे बकेवर थाना क्षेत्र के देवमई नहर पुल की टूटी रेलिंग से बाइक सवार गिर गए । हादसे में दो बाइक सवारों में से एक व्यक्ति ने तैरकर अपनी जान बचा ली । जबकि दूसरा व्यक्ति लापता हो गया । लापता युवक की पहचान रविकरन उर्फ महेश (26 वर्ष) के रूप में की गई है । जो फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव का निवासी था । अमरपाल (35 वर्ष) नामक युवक ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई ।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे । नायब तहसीलदार प्रतिमा द्विवेदी ने भी स्थिति का जायजा लिया और सर्च ऑपरेशन शुरू किया । एसडीआरएफ की टीम ने बुधवार देर से आकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया लेकिन रात के अंधेरे के कारण उसे रोकना पड़ा ।
गुरुवार सुबह, देवमई पुल से लगभग 2 किलोमीटर आगे अमलोहना नहर पुल के पास ग्रामीणों ने शव को उतराते हुए देखा । शव के फूल जाने के कारण वह पानी की सतह पर आ गया था । ग्रामीणों ने शव को नहर से खींचकर बाहर निकाला । सुबह 8:40 बजे की सूचना के अनुसार,शव मिलने की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई ।
जनप्रतिनिधियों,भाजपा युवा नेता मनीष गुप्ता और देवमई ग्राम प्रधान दिनेश उर्फ गुरु ने नहर के जर्जर पुल और प्रशासन की लापरवाही को लेकर आक्रोश व्यक्त किया । उन्होंने बताया कि इस पुल से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं और इससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं । बावजूद इसके,पुल की मरम्मत और सुधार की कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है । यह पुल अब एक गंभीर सुरक्षा खतरा बन चुका है ।
बकेवर थाना प्रभारी कांती सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है । प्रशासन को जल्द ही पुल की मरम्मत और इलाके की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है ।
