बिन्दकी/फतेहपुर । सऊदी अरब में हुई पुत्र के मौत के मामले में मिले क्लेम में 73 लाख रुपयों का घपला करने का आरोप मृतक के पिता ने गांव के दो सगे भाइयों पर लगाया है पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दिया है । क्षेत्र के जिगनी गांव निवासी मुजम्मिल पुत्र जुहूर ने बिन्दकी कोतवाली में जिगनी गांव के ही रहने वाले दो सगे भाइयों जिसमें रज्जन तथा मोहम्मद वसीम के खिलाफ सऊदी अरब में हुई पुत्र की मौत के मामले में मिले 88 लाख रुपए के क्लेम में 73 लाख रुपए का घपला करने का मुकदमा दर्ज कराया है ।
दर्ज कराए मुकदमे में मुजम्मिल ने कहा कि उनका पुत्र सद्दाम सऊदी अरब काम करने गया था । जहां पर 4 वर्ष पहले 11 जून 2020 को एक हादसे में मौत हो गई थी । जिसमें सऊदी अरब के हिसाब से चार लाख रियाल रकम मिली थी । जो भारत देश के हिसाब से 88 लाख रुपए होते हैं । लेकिन गांव जिगनी के रहने वाले दो सगे भाइयों रज्जन तथा मोहम्मद वसीम ने नोटरी युक्त फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी बनाकर स्वयं को शव का वारिस बताकर 88 लाख रुपए ले लिए थे और मुझे मात्र 15 लाख रुपए दिए गए थे । इस तरह से कुल 73 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई है । पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपियों के विरुद्ध जांच शुरू कर दी है ।
