कानपुर । विकास खंड सरसौल के प्रेमपुर आयुष्मान आरोग्य मंदिर को नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्वास) सर्टिफाइड किया है । यह जिले का अब तक सर्वाधिक स्कोर प्राप्त करने वाला आरोग्य मंदिर बन गया है ।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (एनएचआरसी) की निदेशक ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कानपुर डॉ. आलोक रंजन को पत्र जारी किया है । जिसमें एनक्वास सर्टिफिकेशन की जानकारी दी गई है । पत्र के अनुसार ब्लाक सरसौल ब्लाक के प्रेमपुर आयुष्मान आरोग्य मंदिर को 96.44 फीसदी अंक मिले हैं । जो जिले का अब तक सर्वाधिक स्कोर प्राप्त करने वाला आरोग्य मंदिर बन गया है आरोग्य मंदिर को जो पुरस्कार मिलेगा उनका 75 फीसदी रुपया अस्पताल में गुणात्मक सेवाओं को और बढ़ावा देने के उपायों पर खर्च होगा । शेष 25 फीसदी धनराशि कर्मचारियों के प्रोत्साहन व पुरस्कार में खर्च करने का प्रावधान है । मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक रंजन ने बताया कि जनपद में 259 सक्रिय आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा प्रदान की जा रही है । जिले में अब एनक्वास सर्टिफाइड आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की संख्या चार हो गई है ।
आरोग्य मंदिरों में बीमारियों की स्क्रीनिंग,टेलीकंसल्टेशन से डॉक्टरों से परामर्श और दवा उपलब्ध कराना,मातृ-शिशु स्वास्थ्य जांच की सुविधा प्रदान करना, गैर संचारी बीमारियों की स्क्रीनिंग और संचारी रोगों की रोकथाम के कार्य किए जा रहे हैं ।
वही एसीएमओ व नोडल डॉ. रमित रस्तोगी ने बताया कि इस प्रमाण पत्र को हासिल करने में स्थानीय ग्राम प्रधान, सीएचओ, एएनएम,आशा,अधीक्षक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी आदि की प्रमुख भूमिका रही है ।
