कानपुर । पाली खुर्द में निर्माणाधीन रिसोर्स रिकवरी सेंटर की छत भरभराकर गिर गई । सरकारी भवन की छत ढहने से घटिया निर्माण का आरोप लगा है । इस मामले में जिम्मेदारों ने अपना-अपना पल्ला झाड़ लिया है ।
बताते चलें कि शासन के निर्देश पर सरसौल ब्लाक के सभी गांवों को कूड़ा व कचरा मुक्त बनाने के लिए आबादी के अनुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत में रिसोर्स रिकवरी सेंटर बनाए जा रहे हैं । बताया जा रहा है कि इन केंद्रों में गांवों का कूड़ा-कचरा एकत्रित कर सूखे व गीले कचरे का प्रबंधन किया जाना है ।
वही पाली खुर्द ग्राम पंचायत में लगभग एक माह से रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) का निर्माण कार्य कराया जा रहा है । योजना की लागत लगभग पांच लाख बताई जा रही है । निर्माण कार्य स्वयं ग्राम पंचायत के द्वारा कराया जा रहा है । आरआरसी के निर्माण का कार्य विनोद सिंह ग्राम प्रधान व सुरेंद्र गौतम ग्राम पंचायत सचिव करा रहे हैं ।
वही ग्रामीणों ने बताया कि चार-पांच दिन पहले आरआरसी के कमरे की छत डाली गई थी । रविवार सुबह अचानक पूरी छत भरभराकर गिर गई । ग्रामीण न छापने की शर्त पर बताते हैं कि आरआरसी के निर्माण में बेहद घटिया निर्माण सामग्री लगाई गई है । यहां देखने-सुनने वाला कोई नहीं है ।
ग्रामीणों का ये भी आरोप है कि छत के लिए बनाए गए जाल में जो सरिया डाली गई है वो बहुत ही पतली है । जाल में सरियों की दूरी बहुत अधिक है। मसाला भी मानक के विपरीत लगाया गया है ।
वहीं इस सम्बंध में खंड विकास अधिकारी निशांत राय ने बताया कि मामले की जानकारी संज्ञान में है। इस मामले में जांच के निर्देश दिए गए है जांच कर जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार कार्रवाई की जाएगी ।
