– असम राज्य सरकार की ओर से परिजनों को सौंपा पांच लाख की चेक
कानपुर । हाथीपुर स्थित शुभम द्विवेदी के घर असम के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री रंजीत कुमार दास ने शनिवार को पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले शुभम द्विवेदी के परिवार से मुलाकात की कैबिनेट मंत्री ने शुभम के घर पहुंचकर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए ।
रंजीत कुमार दास ने शुभम की पत्नी ऐशान्या द्विवेदी और पिता संजय द्विवेदी एवं परिवारजनों से मिला कर परिवार को असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा का शोक संदेश दिया व असम राज्य सरकार की ओर से 5 लाख रुपये का सहायता चेक भी प्रदान किया । कैबिनेट मंत्री रंजीत कुमार दास ने शुभम की पत्नी ऐशान्या व पिता संजय द्विवेदी और माता सीमा द्विवेदी को अंगवस्त्र भेंट किए । पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 नागरिकों की जान गई थी । इस घटना के बाद असम के मंत्रिमंडल ने आतंकी हमले की निंदा की । मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में सभी पीड़ित परिवारों से मिलने का निर्णय लिया गया । असम के कैबिनेट मंत्री से मुलाकात के दौरान शुभम के पिता संजय द्विवेदी भावुक हो गए । कैबिनेट मंत्री रंजीत कुमार दास ने कहा कि इस दुख की घड़ी में असम सरकार शुभम के परिवारजनों के साथ है । उन्होंने शुभम के परिवारजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया । शुभम के पिता संजय द्विवेदी व पत्नी ऐशान्या एवं परिवजनों ने असम सरकार का आभार जताया ।
इस मौके पर असम सरकार के प्रधान सचिव दिवाकर नाथ मिश्रा और मंत्री की पत्नी अंजू रानी वैश्य भी मौजूद रहीं ।
