झांसी । जिले में 8वीं के छात्र की प्राइमरी स्कूल में शनिवार को कबड्डी खेलने के दौरान मौत हो गई । कबड्डी कबड्डी बोलते हुए छात्र अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर गया । स्कूल के प्रधानाचार्य उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे । हालत गंभीर होने के कारण उसको मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया । परिजन एम्बुलेंस से छात्र को झांक मेडिकल लेकर पहुंचे । वहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया । छात्र के माता पिता मजदूरी करते हैं ।
समथर के उच्च प्राथमिक विद्यालय के छात्र की मौत :
झांसी के समथर थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय में कबड्डी खेलते-खेलते छात्र की मौत हो गई । समथर निवासी राजेश अपनी पत्नी के साथ मजदूरी करते हैं । उनका 14 साल का बेटा अरुण समथर के उच्च प्राथमिक विद्यालय में 8वीं क्लास का छात्र था । शनिवार को सभी सरकारी विद्यालयों में आधे दिन पढ़ाई के बाद खेलों का आयोजन किया जाता है । दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे के करीब विद्यालय में कबड्डी का आयोजन शुरू हुआ । इसमें 8 वीं क्लास के सभी बच्चे भी शामिल हुए ।
विरोधी टीम के पाले में जाकर हुआ बेहोश :
इसी दौरान अरुण कबड्डी-कबड्डी बोलते हुए विरोधी टीम के पाले में पहुंचा, तो वह अचानक मुंह के बाल जमीन पर बेहोश होकर गिर पड़ा । अरुण को बेसुध देख सभी शिक्षकों और छात्रों के होश उड़ गए । विद्यालय के प्रधानाचार्य बेहोश अरुण को बाइक से नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे और अरुण के परिजनों को सूचना दी ।
सूचना मिलने पर मां और बुआ अस्पताल पहुंचीं :
पिता मजदूरी करने गया था । सूचना मिलने पर अरुण की मां और पास में रहने वाली उसकी बुआ अस्पताल पहुंची । अरुण की बुआ रजनी ने बताया कि दोपहर 1 बजे उनको भतीजे अरुण की तबियत खराब होने की सूचना मिली, तो वह अस्पताल पहुंची ।
छात्र का ब्लड प्रेशर लो हो गया था :
वहां डॉक्टर ने अरुण को झांसी मेडिकल कॉलेज भेज दिया । लेकिन मेडिकल लेकर पहुंचे, तो डॉक्टर ने रस्ते में ही अरुण की मौत होना बताया । वहीं समथर थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि दोपहर उनको छात्र का ब्लड प्रेशर लो होने पर बेहोश होने की सूचना मिली थी । अस्पताल से पता लगा कि छात्र की हालत गंभीर होने पर उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है । परिजनों की तरफ से कोई भी तहरीर या जानकारी नहीं मिली है ।
