फतेहपुर । जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने बताया कि युवा रचनाकारों (18 से 30 वर्ष) को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान द्वारा कहानी/कविता/निबन्ध प्रतियोगिता हेतु प्रविष्टियाँ आमंत्रित हैं ।
कहानी/कविता/निबन्ध तीन प्रतियों में कम्प्यूटर टाइप ए4 आकार में भेजनी होगी । कहानी अधिकतम 2500 शब्द व कविता अधिकतम 500 शब्द (एक ओर टंकित) हो । निबन्ध ‘भारतीय संस्कृति और कुम्भ’ विषय पर केन्द्रित होगा,जो अधिकतम 2500 शब्द का (एक ओर टंकित) होगा । कहानी कविता भारतीय सामाजिक, सांस्कृतिक मूल्यों पर केन्द्रित होनी चाहिए । कहानी/कविता/निबन्ध पर शीर्षक के अतिरिक्त लेखक का नाम व पता अंकित नहीं होना चाहिए ।
अलग पृष्ठ पर कहानी/कविता/निबन्ध के शीर्षक के साथ प्रतिभागी का नाम,पता,दूरभाष संख्या सहित हाईस्कूल प्रमाण पत्र की छाया प्रति संलग्न करना अनिवार्य है पूर्व में पुरस्कृत रचनाकार की प्रविष्टि उसी विधा में स्वीकार नहीं की जायेगी । प्रविष्टि भेजने की अंतिम तिथि 01 सितम्बर 2025 है ।
प्रविष्टियाँ निदेशक उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान राजर्षि पुरुषोत्तम दास टण्डन हिन्दी भवन,6- महात्मा गांधी मार्ग, हजरतगंज, लखनऊ- 226001 के पते पर भेजी जायेगी । प्रविष्टि के लिफाफे पर कहानी /कविता/निबन्ध प्रतियोगिता लिखना अनिवार्य है । यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश के युवा रचनाकारों के लिए है ।
प्रथम पुरस्कार रु. 7,000.00, द्वितीय पुरस्कार रु. 5,000.00 ,तृतीय पुरस्कार रु. 4,000.00,सांत्वना पुरस्कार (संख्या-दो) रु. 2,000.00 है ।
