कानपुर । नगर के सेमरझाल गांव स्थित नरवल फायर स्टेशन में प्राणोदय संस्था ने फायरकर्मियों को आपातकालीन स्थितियों में जीवन रक्षा का प्रशिक्षण दिया ।

संस्था के डॉ. सुनीत गुप्ता ने फायरकर्मियों को (सीपीआर) की तकनीक सिखाई । प्रशिक्षण में बताया गया कि हार्ट अटैक के मामले में तीन मिनट के अंदर सीपीआर देना जरूरी है । डॉक्टर ने पुतले पर डेमो देकर सीपीआर की विधि समझाई । इस तकनीक में छाती दबाने और कृत्रिम श्वास देने की विधि शामिल है । इससे दुर्घटना या चिकित्सा आपात स्थिति में तुरंत मदद की जा सकती है ।
फायरकर्मियों को स्वयं फिट रहने के लिए व्यायाम और स्वास्थ्य संबंधी टिप्स भी दिए गए । डॉ. गुप्ता ने बताया कि हार्ट अटैक के दौरान हाथों से धीरे-धीरे छाती दबाकर रक्त संचार बढ़ाया जा सकता है ।
प्राणोदय संस्था पिछले 23 वर्षों से निः शुल्क प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण दे रही है । यह संस्था उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में काम कर रही है । यह संस्था का 600वां प्रशिक्षण कार्यक्रम था । कार्यक्रम में अग्निशमन द्वितीय अधिकारी सुधीर कुमार वर्मा सहित अन्य फायरकर्मी मौजूद रहे । प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट दिए गए ।
